गाजीपुर भुड़कुड़ा । जखनियां रेलवे स्टेशन पर लंबे समय से व्याप्त बुनियादी समस्याओं को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश अब खुलकर सामने आ गया है। सर्वदलीय तहसील विकास एवं जन कल्याण संघर्ष समिति ने इन समस्याओं के समाधान की मांग करते हुए डीआरएम वाराणसी को ज्ञापन सौंपा।समिति के अध्यक्ष देवनारायण सिंह के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में स्टेशन परिसर की जर्जर स्थिति और यात्रियों को हो रही परेशानियों का विस्तार से उल्लेख किया गया। समिति ने आरोप लगाया कि पूर्व में कई बार रेलवे प्रशासन को अवगत कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।ज्ञापन में सबसे प्रमुख मांग स्टेशन के उत्तरी छोर पर पुरानी केबल के पास अंडरपास निर्माण की उठाई गई। समिति का कहना है कि इस अंडरपास के बन जाने से दोपहिया व छोटे चारपहिया वाहनों का आवागमन सुगम होगा और पैदल चलने वाले बुजुर्गों व महिलाओं को राहत मिलेगी। वर्तमान में बाजार के दोनों हिस्सों और सामने स्थित तहसील, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, ब्लॉक, ग्राम न्यायालय, पशु अस्पताल, बिजली सेवा केंद्र व पुलिस कार्यालय तक पहुंचने में लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।read more:https://khabarentertainment.in/assistive-devices-distributed-free-of-cost-to-the-disabled/ इसके अलावा समिति ने स्टेशन के पश्चिमी हिस्से में बनी जर्जर सड़क की मरम्मत कराने, स्टेशन परिसर में पानी की टंकी स्थापित करने तथा शौचालयों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने की भी मांग की। यात्रियों को पेयजल के अभाव में हो रही परेशानी को भी गंभीर मुद्दा बताया गया।समिति ने जखनियां रेलवे स्टेशन पर सभी एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग करते हुए कहा कि यह स्टेशन भुड़कुड़ा व हथियाराम जैसे सिद्धपीठों के साथ-साथ परमवीर चक्र विजेता वीर अब्दुल हमीद और महावीर चक्र विजेता रामउग्रह पांडेय के गांवों को जोड़ता है, जहां देश-विदेश से श्रद्धालु व आगंतुक पहुंचते हैं।समिति ने डीआरएम से मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।ज्ञापन सौंपने के दौरान अध्यक्ष देवनारायण सिंह, उपाध्यक्ष अश्वनी कुमार सिंह, मीडिया प्रभारी सर्वानंद चौबे, सचिव रामरतन राम, अनिल कुमार सिंह, अरुण कुमार श्रीवास्तव, शंभू सिंह यादव, रामप्रवेश पांडेय, लालजी पांडेय, अमित कुमार पांडेय, नवनीत कुमार सहगल, पूर्णमासी साहनी, मोहन राजभर सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।