राजीव जायसवाल
बड़हलगंज क्षेत्र के ग्राम पंचायत बैरियाखास में लंबे समय से प्रतीक्षित आंगनवाड़ी भवन का निर्माण कार्य आखिरकार प्रारंभ हो गया है। भवन निर्माण शुरू होने की खबर से गांव के लोगों में खुशी का माहौल है। ग्राम प्रधान सुरेंद्र यादव ने बताया कि इस भवन के निर्माण के लिए काफी समय से प्रयास किए जा रहे थे और लगातार प्रशासन से संपर्क कर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराई गईं। उनके प्रयासों और प्रशासन के सहयोग से अब यह महत्वपूर्ण कार्य शुरू हो सका है।ग्राम प्रधान सुरेंद्र यादव ने कहा कि आंगनवाड़ी भवन बनने से गांव के छोटे बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। अब तक आंगनवाड़ी केंद्र के संचालन में स्थान की कमी और अन्य कई समस्याओं का सामना करना पड़ता था, लेकिन नए भवन के निर्माण से इन सभी समस्याओं का समाधान हो जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ अब अधिक प्रभावी ढंग से लाभार्थियों तक पहुंचाया जा सकेगा।read more:https://worldtrustednews.in/remembering-god-in-the-last-moments-is-the-true-support-for-a-man-swami-omanand-ji-maharaj/
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता पुष्पा देवी, विन्दू सोनकर, अनिता यादव एवं निशा देवी ने भवन निर्माण शुरू होने पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि अब तक केंद्र के संचालन में कई प्रकार की असुविधाओं का सामना करना पड़ता था। कभी बच्चों के बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होती थी तो कभी अन्य आवश्यक गतिविधियों को सुचारु रूप से संचालित करने में दिक्कत आती थी। नए भवन के निर्माण से बच्चों के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध होगा, जिससे उनके पोषण, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी गतिविधियां बेहतर ढंग से संचालित की जा सकेंगी।उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र गांव के नौनिहालों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यहां बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा के साथ-साथ पोषण आहार और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी भी दी जाती है। भवन निर्माण से इन सभी कार्यों को व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सकेगा।वहीं गांव के अभिभावकों और ग्रामीणों ने भी इस पहल पर खुशी जताते हुए ग्राम प्रधान सुरेंद्र यादव के प्रयासों की सराहना की। ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय से गांव में आंगनवाड़ी भवन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी और अब इसका निर्माण शुरू होना गांव के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने प्रशासन और ग्राम प्रधान का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि भवन का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा, जिससे गांव के बच्चों और महिलाओं को इसका लाभ जल्द से जल्द मिल सके।