सोनभद्र। उत्तर प्रदेश सरकार के नव निर्माण के नौ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गोंड, सदर विधायक भूपेश चैबे, नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद, जिलाधिकारी बीएन सिंह, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन किया गया, जिसमें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया, सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को जीवंत रूप में दर्शाया गया। कलेक्ट्रेट सभागार में लखनऊ से मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया, जिसे जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं लाभार्थियों ने सुना। कार्यक्रम के दौरान नव निर्माण के नौ वर्ष पर आधारित लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया, इस अवसर पर विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए गए, जिनमें कन्या सुमंगला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना योजना के तहत पांच लाख रुपए के डेमो चेक, आयुष्मान कार्ड, सोलर पंप, वृद्धा पेंशन, शादी अनुदान सहित कई योजनाएं शामिल रहीं। अपने संबोधन में राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड ने कहा कि अंत्योदय की भावना के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का कार्य सरकार कर रही है, वहीं विधायक भूपेश चैबे ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश के निरंतर विकास की बात कही। नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने कहा कि सरकार हर वर्ग को मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य कर रही है, कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी बीएन सिंह ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है, कार्यक्रम का संचालन साधना मिश्रा द्वारा किया गया, इस मौके पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।