बहराइच।(पयागपुर तहसील)l जनपद बहराइच के पयागपुर अंतर्गत विकासखंड विशेश्वरगंज में प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए एक शिकायतकर्ता ने अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि शिकायत के संबंध में जानकारी लेने पहुंचे व्यक्ति को अपनी बात तक रखने नहीं दी गई और फर्जी निस्तारण की कॉपी थमा दी गई। जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 10 बजे पवन शुक्ला अपनी शिकायत के संबंध में विकासखंड कार्यालय विशेश्वरगंज पहुंचे थे। उनका कहना है कि उन्होंने पहले आईजीआरएस पोर्टल पर एक शिकायत दर्ज कराई थी, जिसका निस्तारण प्रशासन द्वारा कर दिया गया बताया गया था। पवन शुक्ला का आरोप है कि जब उन्होंने खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) से शिकायत के निस्तारण के बारे में जानकारी मांगी और फर्जी निस्तारण की वजह पूछी, तो उन्हें स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया। इसके बाद वह ब्लॉक कार्यालय के बाहर बैठ गए और मामले में संतोषजनक जवाब की मांग करने लगे। कुछ समय बाद प्रशासनिक कर्मचारी वहां पहुंचे और उन्हें आईजीआरएस शिकायत की निस्तारण कॉपी थमा दी। आरोप है कि उस कॉपी में भी वास्तविक स्थिति का उल्लेख नहीं था और उसे फर्जी निस्तारण बताया गया। इसके बाद प्रशासनिक कर्मचारियों द्वारा उन्हें वहां से हटा दिया गया। पवन शुक्ला का कहना है कि यदि स्थानीय स्तर पर शिकायत का सही समाधान नहीं होता है तो वह अब सीधे जिलाधिकारी के पास जाकर पूरे मामले की शिकायत करेंगे और निष्पक्ष जांच की मांग करेंगे। इस घटना के बाद स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।शिकायतकर्ता का कहना है कि यदि जनता को अपनी बात रखने का अवसर ही नहीं मिलेगा तो भ्रष्टाचार के मामलों की जांच और समाधान कैसे होगा। अब देखने वाली बात होगी कि जिलाधिकारी स्तर पर इस मामले में क्या कार्रवाई होती है और शिकायतकर्ता को न्याय मिल पाता है या नहीं।