अमेठी। जनपद अमेठी में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की पक्की सड़क और खड़ंजा मार्ग पर अवैध कब्जे की शिकायत मिलने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया। उपजिलाधिकारी आशीष कुमार सिंह के निर्देश पर राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर मौके पर जांच कराई गई।बताया गया कि लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड अमेठी के अधिशासी अभियंता की ओर से पत्र भेजकर सड़क और खड़ंजा मार्ग पर किए गए अवैध कब्जे को हटवाने की मांग की गई थी। इसी के आधार पर नायब तहसीलदार सुधीर कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में जांच टीम गठित की गई।टीम में राजस्व निरीक्षक कुड़वा जगदीश प्रसाद विश्वकर्मा, लेखपाल अनिल अग्रहरि और लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता ओम प्रकाश यादव को शामिल किया गया। संयुक्त टीम ने ग्रामीणों की मौजूदगी में मौके पर पहुंचकर स्थल का निरीक्षण और पैमाइश कराई।ग्रामीणों के अनुसार पीडब्ल्यूडी द्वारा मोड़ पर बनाई गई सड़क को शिवप्रताप यादव पुत्र रामनरेश द्वारा तोड़कर उस पर कब्जा करने की शिकायत सामने आई है।प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर यदि अवैध कब्जा पाया गया तो नियमानुसार कार्रवाई करते हुए सड़क को कब्जामुक्त कराया जाएगा।