गाजीपुर। आगामी उत्तर प्रदेश पुलिस उप निरीक्षक (UPSI) भर्ती परीक्षा-2026 को सकुशल, पारदर्शी और शुचितापूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में सोमवार को पुलिस लाइन गाजीपुर के सम्मेलन कक्ष में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।बैठक में 14 और 15 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश पुलिस उप निरीक्षक (नागरिक पुलिस) एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान परीक्षा ड्यूटी में लगाए गए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। साथ ही कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखते हुए उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि परीक्षा निष्पक्ष और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक नगर, अपर जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी जमानिया, क्षेत्राधिकारी सैदपुर, क्षेत्राधिकारी भुड़कुड़ा सहित जनपद के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।