बलरामपुर/ गैस,और पेट्रोल की मारामारी से जनता परेशान है ही वहीं जनपद के महराजगंज तराई स्थित एकमात्र बैंक इंडियन बैंक में पिछले चार दिनों से कैश नहीं मिल पाने से खाता धारक परेशान है। क्षेत्र के खाता धारकों की सुबह से बैंक के सामने लाइन लग जाती हैं। बैक खुलते ही बैंक द्वारा बैंक में कैश न होने का बोर्ड लगा देने से खाता धारक मायूस होकर वापस लौट जाते हैं। जबकि केंद्र सरकार बैंकों में भरपूर पैसा होने का लाख दावे करे लेकिन बैंकों के कर्मचारी अपनी भ्रष्ट कार्यप्रणाली से बाज नहीं आते हैं। सालिकराम निवासी बनकटवा, भुवाल सिंह निवासी पटोहा कोट, मालती निवासी सुगानगर, राजू यादव सहित अन्य खाता धारक ने बताया कि बैंक कर्मचारियों का रवैया उपभोक्ताओं के प्रति सहयोगात्मक नहीं है।कोई स्पष्ट कारण न बताने के कारण खाताधारकों को बार-बार दौडाया जा रहा है। शादी का सीजन शुरू होने से पहले कैश की किल्लत से खाता धारक परेशान है। सुबह बैंक में पैसा लेने के लिए आते हैं और शाम को बिना पैसा मिले ही वापस लौट जाते हैं। परेशान खाते धारकों ने जिलाधिकारी से कैश दिलाए जाने की मांग की है। इंडियन बैंक शाखा प्रबंधक दीपांकर से जब इस संबंध में जानकारी के लिए फोन करने पर उनका फोन नहीं उठा।