छेड़छाड़ के विवाद में युवक की हत्या, 7 माह बाद खेत से कंकाल बरामद; मुख्य आरोपी गिरफ्तार

Share
अमृतपुर- फर्रुखाबाद
थाना क्षेत्र में सात माह पहले लापता हुए युवक ओमवीर राठौर हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। बुधवार को पुलिस ने मुख्य आरोपी रामू यादव की निशानदेही पर फर्रुखाबाद-बदायूं मार्ग स्थित एक खेत से युवक का कंकाल बरामद किया, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।गांव गूजरपुर पमारान निवासी ओमवीर राठौर 20 जुलाई 2025 की शाम करीब 7 बजे घर से निकले थे। परिजनों के अनुसार गांव का ही रामू यादव उन्हें घर से बुलाकर ले गया था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटे। शुरुआत में मां राजेश्वरी ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी, जबकि बाद में पत्नी धर्मशीला ने 31 अगस्त 2025 को थाना अमृतपुर में नामजद मुकदमा दर्ज कराया।मुकदमे में रामू यादव के अलावा कई अन्य लोगों को भी आरोपी बनाया गया था। मंगलवार रात थाना अमृतपुर पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर बुधवार सुबह एक मक्के के खेत में जेसीबी से खुदाई कराई। करीब 24 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गड्ढे से कंकाल बरामद हुआ। मौके से एक तौलिया, चप्पल और शर्ट भी बरामद की गई है।
फॉरेंसिक टीम के सदस्यों ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य और नमूने एकत्र किए, जबकि पुलिस द्वारा पंचनामा की कार्रवाई की जा रही है।अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि ओमवीर आरोपी रामू के साथ उसकी बहन के घर गया था, जहां कथित तौर पर छेड़छाड़ की घटना हुई। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने बदला लेने की नीयत से युवक को अपने खेत में ले जाकर शराब पिलाई और उसकी हत्या कर शव को दफना दिया।
पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है और आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *