हाई टेंशन तार से निकली चिंगारी बनी कहर, 10 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख — किसानों को लाखों का नुकसान

Share

सलीम अहमद  गाजीपुर जमानियां। क्षेत्र के बूढ़ाडीह सिवान में शुक्रवार दोपहर हाई टेंशन बिजली लाइन से निकली चिंगारी ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। अचानक लगी आग ने देखते ही देखते करीब 10 बीघा में खड़ी तैयार गेहूं की फसल को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे किसानों को लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा।बताया जाता है कि खेतों के ऊपर से गुजर रहे बिजली के जर्जर तार से अचानक चिंगारी निकली, जो सूखी गेहूं की फसल पर गिर गई। शुरुआत में आग सीमित थी, लेकिन तेज हवा के कारण उसने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के कई खेतों में फैल गई। उस समय खेतों में कटाई का कार्य चल रहा था, जिससे किसानों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।आग की सूचना मिलते ही गांव के दर्जनों युवक मौके पर पहुंच गए और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक विजय यादव, रामसुधार यादव, संजय यादव, रविन्द्र यादव, कमला यादव, पंकज यादव, ओमप्रकाश, दीपक यादव और अमरनाथ तिवारी सहित कई किसानों की पूरी फसल जलकर नष्ट हो चुकी थी।स्थानीय किसानों ने बताया कि फसल पूरी तरह तैयार थी और कुछ ही दिनों में कटाई पूरी होनी थी। इस आगजनी ने उनकी महीनों की मेहनत को पल भर में राख में बदल दिया। सूचना मिलने पर क्षेत्रीय लेखपाल रूपेश रंजन सिंहा मौके पर पहुंचे और नुकसान का आकलन किया।पीड़ित किसानों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि खेतों के ऊपर से गुजर रहे जर्जर बिजली तार लंबे समय से खतरा बने हुए हैं, लेकिन विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है और उन्होंने बिजली व्यवस्था को जल्द दुरुस्त कराने की मांग की है।इस संबंध में तहसीलदार राम नारायण वर्मा ने बताया कि लेखपाल द्वारा रिपोर्ट तैयार की जा रही है। रिपोर्ट के आधार पर पीड़ित किसानों को सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *