डाला, सोनभद्र। स्थानीय डाला बाजार के मेन मार्केट में मंगलवार तड़के शार्ट सर्किट से भीषण आग लगने से दोना-पत्तल के गोदाम में रखा लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। घंटों कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर किसी प्रकार से काबू पाया।जानकारी के अनुसार डाला बाजार मेन मार्केट स्थित कटरा स्वामी स्वर्गीय गिरिजा पंडित के परिसर में किराए पर संचालित बिंदू केशरी के दोना-पत्तल दुकान व गोदाम में बंद शटर के अंदर अज्ञात कारणों से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और दुकान के अंदर रखा सामान धू-धू कर जलने लगा। आसपास के लोगों की नजर पड़ते ही मौके पर भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल चोपन पुलिस, डाला चैकी और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही डाला पुलिस व दमकल की टीम मौके पर पहुंच गई और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक दुकान में रखा डी-फ्रीजर, फ्रीज काउंटर सहित लाखों रुपए का सामान पूरी तरह जलकर राख हो चुका था। घटना के बाद स्थानीय पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।