गाजीपुर जनपद के थाना करीमुद्दीनपुर क्षेत्र में पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में अभियुक्त के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।पुलिस के अनुसार मु0अ0सं0 65/2026 धारा 308(5) बीएनएस से संबंधित अभियुक्त श्रीधर वर्मा उर्फ छोटे वर्मा पुत्र नन्दलाल सेठ निवासी ग्राम करीमुद्दीनपुर की तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में 24 मार्च 2026 को थानाध्यक्ष रमेश कुमार पटेल अपनी टीम के साथ ग्रिन फिल्ड छपरा से गाजीपुर मार्ग पर चेकिंग कर रहे थे। चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर पूछताछ की गई, जिसकी पहचान वांछित अभियुक्त के रूप में हुई।पुलिस ने अभियुक्त को हिरासत में लेकर उसकी निशानदेही पर अवैध असलहा बरामद करने के लिए आगे बढ़ी। इसी दौरान अभियुक्त ने अचानक पुलिस टीम पर तमंचे से जानलेवा फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में संतुलित फायरिंग की, जिसमें अभियुक्त के दाहिने पैर के घुटने के नीचे गोली लग गई और वह मौके पर ही घायल होकर गिर पड़ा।
पुलिस ने मौके से एक अदद तमंचा .315 बोर और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। घायल अभियुक्त को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।इस संबंध में थाना करीमुद्दीनपुर पर मु0अ0सं0 68/2026 के तहत धारा 109(1), 262 बीएनएस व 3/25 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।गिरफ्तार अभियुक्त श्रीधर वर्मा उर्फ छोटे वर्मा का आपराधिक इतिहास भी काफी लंबा रहा है। उसके खिलाफ पहले से हत्या के प्रयास, मारपीट, गाली-गलौज और आर्म्स एक्ट सहित कई संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी सूरत में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा।