महर्षि कश्यप जयंती एवं महाराजा निषादराज गुह जन्मोत्सव कार्यक्रम में उमड़ा जनसैलाब

Share
लखनऊ / गाजियाबाद : उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को जनपद गाजियाबाद में आयोजित सप्तऋषियों में एक महर्षि कश्यपजी एवं प्रभु श्रीराम के परमसखा निषादराज गुह  के जन्मोत्सव महाकुंभ में सहभागिता करते हुए विभिन्न स्टालों का निरीक्षण किया तथा कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र वितरित किए एवं दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया।अपने संबोधन में उप मुख्यमंत्री श्री मौर्य ने कहा कि डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन स्थापित हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश को दंगों एवं अपराध के भय से मुक्त कर कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है, जिससे शांति एवं सुरक्षा का वातावरण बना है।उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि योजनाओं का लाभ सीधे आमजन तक पहुंच रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत प्रदेश में लगभग 60 लाख गरीब एवं वंचित परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराए गए हैं। देशभर में  4 करोड़ लोगों को इस योजना से लाभान्वित किया गया है तथा आगामी समय में 3 करोड़ आवास उपलब्ध कराए जाएंगे।इसी प्रकार  सौभाग्य योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को विद्युत कनेक्शन तथा  आयुष्मान भारत के तहत स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अंतर्गत देश के 80 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। इन योजनाओं के सफल संचालन हेतु उन्होंने प्रधानमंत्री जी के प्रति आभार व्यक्त किया।उप मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार भ्रष्टाचार के विरुद्ध कठोर कार्यवाही कर रही है तथा प्रदेश को दंगा मुक्त बनाने का कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार में जो कार्य हुए हैं, वे अभूतपूर्व हैं।धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए श्री मौर्य ने श्रंगवेरपुर धाम के विकास एवं श्रीराम मन्दिर अयोध्या के निर्माण को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि श्रृंगवेरपुर धाम, जो निषादराज की राजधानी रहा है, वहां 200 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य कराए गए हैं, जिससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिला है।उन्होंने भगवान श्रीराम एवं निषादराज की मित्रता का उल्लेख करते हुए कहा कि यह संबंध सामाजिक समरसता, भाईचारे एवं समानता का प्रतीक है। प्रयागराज स्थित श्रृंगवेरपुर धाम में दोनों की गले मिलती प्रतिमा इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचा रही है। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कश्यप निषाद समाज के लोगों की भारी भागीदारी रही। कार्यक्रम का आयोजन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप के नेतृत्व में किया गया। उप मुख्यमंत्री ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम अब क्षेत्रीय न रहकर राष्ट्रीय स्वरूप ले रहा है, जिसमें विभिन्न प्रदेशों से लोग सहभागिता कर रहे हैं।कार्यक्रम के दौरान महर्षि कश्यप के जीवन, उनके ज्ञान एवं दर्शन पर भी प्रकाश डाला गया तथा समाज में उनके योगदान को स्मरण किया गया। अंत में आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री नरेन्द्र कश्यप ,सांसद श्री अतुल गर्ग विधायकगण श्री अजीत पाल त्यागी, श्री संजीव शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *