बहराइच ( फखरपुर )। वासन्तिक नवरात्र के पावन अवसर पर फखरपुर क्षेत्र के ग्राम टेंडवा अल्पी स्थित गांवट माता मंदिर में नई दुर्गा प्रतिमा स्थापना से पूर्व श्रद्धा और उल्लास के बीच भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे गांव में भक्तिमय वातावरण बना रहा।मंदिर के पुजारी रामप्रसाद ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी श्रीमद देवीभागवत पुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। पूर्व में स्थापित प्रतिमा जीर्ण-शीर्ण हो जाने के कारण इस वर्ष ग्रामीणों के सहयोग से नई प्रतिमा की स्थापना की जा रही है।शोभायात्रा गांवट माता मंदिर से प्रारंभ होकर गांव के विभिन्न देवस्थानों का भ्रमण करते हुए गजाधरपुर मंदिर पहुंची। इसके बाद रमवापुर होते हुए पुनः मंदिर परिसर में आकर सम्पन्न हुई। यात्रा के दौरान डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों पर युवा और बच्चों का उत्साह देखने लायक रहा।शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने माता रानी के जयकारे लगाए और जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। कथावाचक पंडित फूलचंद्र महाराज ने विधि-विधान से पूजन सम्पन्न कराया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे।