लखनऊ : वरिष्ठ नागरिक सामुदायिक एवं मनोरंजन केंद्र, लखनऊ में नाद ब्रह्म मंडली द्वारा एक भव्य एवं भावपूर्ण संगीतमय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों एवं श्रोताओं को संगीत की मधुरता में सराबोर कर दिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को सांस्कृतिक एवं मनोरंजक वातावरण प्रदान करते हुए उन्हें भावनात्मक रूप से जोड़ना रहा।कार्यक्रम में प्रस्तुत ग़ज़लों ने विशेष रूप से श्रोताओं का मन मोह लिया। “कहां हो तुम चले आओ”, “बड़े अच्छे लगते हैं”, “हम तेरे शहर में आए हैं” एवं “झुकी झुकी सी नजर” जैसी लोकप्रिय और सदाबहार ग़ज़लों की सजीव एवं भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को सुरमय बना दिया। कलाकारों की आवाज़ में भावनाओं की गहराई और प्रस्तुति की सहजता ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया, जिसके परिणामस्वरूप श्रोता बार-बार तालियों से उनका उत्साहवर्धन करते रहे।इस संगीतमय संध्या में प्रस्तुति देने वाले सभी कलाकार भातखंडे संगीत विश्वविद्यालय, लखनऊ के प्रतिभाशाली छात्र रहे, जिन्होंने अपनी कला और साधना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में भाग लेने वाले कलाकारों में विमल पाठक, आनंद तिवारी, सोनू दीक्षित, शिवांग त्रिवेदी, आदर्श तिवारी, शिवांश मदनवाल, रिचा मोदनवाल, निहारिका गुप्ता एवं संस्कृति शर्मा शामिल रहे।कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिकों ने न केवल संगीत का आनंद लिया बल्कि कलाकारों की प्रतिभा की सराहना करते हुए भावुक भी नजर आए। कई श्रोताओं ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम उनके जीवन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करते हैं।कार्यक्रम के अंत में आयोजकों द्वारा सभी कलाकारों का आभार व्यक्त किया गया और भविष्य में भी ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर ऐजल सीनियर केयर के डॉ. बिजेंद्र सिंह राणा, मीनाक्षी सिंह, प्रशान्त शुक्ला, रोहित पांडेय सहित केंद्र के पदाधिकारी, स्थानीय गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे, जिनकी उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ा दिया