गाजीपुर, ।महिलाओं की सुरक्षा, सशक्तिकरण और स्वावलंबन को समर्पित उत्तर प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान ‘मिशन शक्ति फेज 5.0’ (द्वितीय चरण) के अंतर्गत मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार, गाजीपुर में एक भव्य जागरूकता कार्यक्रम एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिला पुलिसकर्मियों, बाल कल्याण समिति (CWC) के सदस्यों, एनजीओ कार्यकर्ताओं और मेधावी छात्राओं को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।कार्यक्रम का आयोजन महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन इकाई, गाजीपुर पुलिस द्वारा किया गया, जिसमें मुख्य रूप से पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के निर्देशन में अधिकारियों की मौजूदगी रही। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) डॉ. राकेश कुमार मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अतुल कुमार सोनकर, क्षेत्राधिकारी नगर शेखर सेंगर तथा अन्य अधिकारियों का विशेष पर्यवेक्षण रहा।समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मिशन शक्ति केवल एक अभियान नहीं, बल्कि महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की एक सतत पहल है। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान, सुरक्षा और समान अवसर सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला पुलिसकर्मियों और सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय महिलाओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। म0उ0नि0 पल्लवी सिंह (थाना कोतवाली) को एक नाबालिग पीड़िता को अथक प्रयासों से सुरक्षित परिजनों तक पहुंचाने के लिए सराहा गया। वहीं म0का0 सरिता (थाना नगसर हाल्ट) को एक व्यक्ति को ट्रेन से आत्महत्या करने से बचाने के लिए सम्मानित किया गया। इसके अलावा प्रभाकर कुमार, गरिमा निर्मल (थाना जमानिया), पुष्पा कुमारी (थाना रेवतीपुर), अंकिता पाण्डेय (थाना दुल्लहपुर), ऋचा बाजपेई और कविता सिंह सहित कई कर्मियों को उनके सराहनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।प्रभारी निरीक्षक रमेश यादव (मिशन शक्ति) एवं उनकी टीम ने उपस्थित बालिकाओं और महिलाओं को संवाद के माध्यम से जागरूक किया। उन्होंने 1090 (वुमन पावर लाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 181 (महिला हेल्पलाइन) और 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) जैसे महत्वपूर्ण नंबरों की जानकारी देते हुए कहा कि जरूरत पड़ने पर इन सेवाओं का तुरंत उपयोग करें। साथ ही महिलाओं से संबंधित सरकारी योजनाओं और कानूनी अधिकारों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।कार्यक्रम के दौरान सनबीम पब्लिक स्कूल और लूदर्स कॉन्वेंट गर्ल्स स्कूल की छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। पूरे कार्यक्रम का संचालन सनबीम स्कूल के मोहित श्रीवास्तव ने कुशलतापूर्वक किया।समारोह में महिला पुलिस बल ने अपनी सजगता और शक्ति का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। प्रेरक नारों और संदेशों के माध्यम से ‘नारी शक्ति’ को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न थानों की महिला पुलिस टीम, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे मौजूद रहे।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा का भाव विकसित करना, उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना तथा समाज में भयमुक्त और सम्मानजनक वातावरण स्थापित करना रहा। साथ ही महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त करने पर भी विशेष बल दिया गया।