गाजीपुर – मेरा युवा भारत गाजीपुर, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में शहीद दिवस के अवसर पर सती अनुसुइया शिक्षा निकेतन, मेदिनीपुर में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए युवाओं को राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रेरित किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा सरदार भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने शहीदों के बलिदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।मुख्य अतिथि समाजसेवी कमलेश प्रकाश सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि शहीदों का बलिदान हमें देश के प्रति समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करें।कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे मेरा युवा भारत गाजीपुर के राज्य निदेशक कपिल देव ने कहा कि आज का युवा ही देश का भविष्य है। यदि युवा पीढ़ी शहीदों के आदर्शों को अपनाए, तो एक सशक्त और विकसित भारत का निर्माण संभव है।विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिला मंत्री सुमन बिंद ने कहा कि शहीद दिवस हमें अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का बोध कराता है। वहीं समाजसेवी प्रतिभा एवं प्रधानाचार्य रागिनी सिंह ने भी युवाओं से शहीदों के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।इस अवसर पर आयोजित जागरूकता रैली में छात्र-छात्राओं एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के माध्यम से देशभक्ति के नारों के साथ लोगों को शहीदों के बलिदान के प्रति जागरूक किया गया।कार्यक्रम का संचालन पूर्व लेखा एवं कार्यक्रम सहायक सुभाष चंद्र प्रसाद ने किया। इस दौरान खुशी मौर्य, रंजन यादव, निगार, मुस्कान, रेशमा सहित अन्य प्रतिभागियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए।कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिसमें सभी उपस्थित लोगों ने शहीदों के आदर्शों पर चलने का लिए संकल्प ।