बलरामपुर/आगामी पुलिस भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से आयुक्त देवीपाटन मंडल शशि भूषण लाल सुशील एवं जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन ने एम.एल.के. पीजी कॉलेज, बलरामपुर स्थित परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया ।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा कक्षों, प्रवेश द्वार, बैठने की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था तथा सुरक्षा प्रबंधों का गहन अवलोकन किया। साथ ही परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों के सुगम प्रवेश, कक्षों की सुव्यवस्थित व्यवस्था तथा आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।अधिकारियों ने कहा कि पुलिस भर्ती परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के साथ संपन्न कराया जाए। इसके लिए परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी तथा प्रवेश व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।इस अवसर पर अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अनियमितता न होने पाए तथा अभ्यर्थियों को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाए।