मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर खतरनाक मोड़ बने हादसों का कारण

Share

म्योरपुर, सोनभद्र। म्योरपुर विकास खंड के मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर कई खतरनाक मोड़ और संकरी सड़कें लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रही हैं। आरवाई सिंह घाटी, ग्राम पंचायत रनटोला के रेलवे फाटक से लगभग 150 मीटर आगे, जमतीहववा नाला, रासपहरी के बेचन चढ़ाई तथा कुण्डाडीह के पास दोनों ओर स्थित चट्टानों और संकरी सड़क के कारण आएदिन सड़क हादसे हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने सड़क चैड़ीकरण, रेलिंग लगाने और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था कराने की मांग की है। सामाजिक कार्यकर्ता प्रशांत दुबे (बाबा) ने बताया कि इन स्थानों पर अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। उनका कहना है कि यदि सड़क का चैड़ीकरण कर दिया जाए, जहां संभव हो वहां दोनों ओर रेलिंग लगा दी जाए और मार्ग पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था कर दी जाए तो काफी हद तक हादसों में कमी लाई जा सकती है। क्षेत्रीय ग्रामीणों और दिहाड़ी मजदूरों का कहना है कि वे रोज इसी मार्ग से दोपहिया वाहनों से रेणुकूट मजदूरी के लिए जाते हैं। संकरी सड़क और खतरनाक मोड़ के कारण उन्हें हर दिन दुर्घटना का डर बना रहता है, लेकिन मजबूरी में इसी रास्ते से आवागमन करना पड़ता है। ग्रामीणों ने बताया कि रनटोला के यात्री शेड से लगभग 100 मीटर आगे एक खतरनाक मोड़ है, जहां से बड़ी ट्रकों को निकलने में काफी दिक्कत होती है। यदि इस स्थान पर सड़क का चैड़ीकरण कर दिया जाए और दोनों ओर रेलिंग लगा दी जाए तो यहां होने वाली दुर्घटनाओं पर काफी हद तक रोक लग सकती है। ग्रामीण भंटू, अरविंद, गोविंद, पंकज, रामानंद, राधे, हीरालाल, मानिकचंद्र, रामजनम, बबई खरवार, प्रशांत दुबे, संजय, लालशाह गोंड़, सुनील अग्रहरि, कमलेश, आशीष और धर्मेंद्र शर्मा समेत कई लोगों ने लोक निर्माण विभाग से सड़क चैड़ीकरण और रेलिंग लगवाने की मांग की है, ताकि भविष्य में होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *