सोनभद्र। साइबर क्राइम थाना सोनभद्र की टीम ने सस्ते श्रृंगार की सामग्री बेचने के नाम पर ऑनलाइन धोखाधड़ी करने वाले तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से नगदी, एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त एर्टिगा कार बरामद की है।पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में साइबर क्राइम थाना साइबर सेल की टीम ने एनसीआरपी और प्रतिबिम्ब पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए यह सफलता हासिल की। पुलिस के अनुसार, थाना कोन क्षेत्र के नोडिहा निवासी गोविन्द कुमार ने 27 फरवरी 2026 को एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनके चाचा आशीष कुमार, जो रामगढ़ बाजार में दर्जी का काम करते हैं, को सस्ते श्रृंगार की सामग्री दिलाने का झांसा देकर करीब 85 हजार रुपए की ठगी कर ली गई। इसमें 20 हजार रुपए यूपीआई से और बाकी रकम नकद ली गई थी। इस मामले में साइबर क्राइम थाना सोनभद्र ने मुकदमा दर्ज किया। विवेचना के दौरान साइबर सेल ने तकनीकी साक्ष्यों, प्रतिबिम्ब पोर्टल, सीसीटीवी फुटेज और संदिग्ध मोबाइल नंबरों के विश्लेषण के आधार पर घटना में प्रयुक्त एर्टिगा कार का नंबर चिन्हित किया। 9 मार्च को सूचना मिलने पर साइबर क्राइम थाना की टीम ने कार को पकड़कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद रजा पुत्र नत्थू खां निवासी नयागनी थाना नवाबगंज जनपद फर्रुखाबाद, शोएब खां पुत्र नत्थू खां निवासी नया गनी थाना नवाबगंज जनपद फर्रुखाबाद व जीशन पुत्र मोहम्मद बादशाह निवासी रसूलाबाद थाना भोगांव जनपद मैनपुरी के रूप में की गई है। इनके कब्जे से पुलिस ने चार हजार रूपए नगद, एक आधार कार्ड, एक पैन कार्ड, एक निर्वाचन कार्ड, चार एटीएम कार्ड, तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया है।