गाजीपुर। उत्तर प्रदेश सरकार की ऑनलाइन शिकायत प्रणाली जनसुनवाई पोर्टल (IGRS) पर प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में गाजीपुर पुलिस ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा किए गए मूल्यांकन में जनपद गाजीपुर की कार्यवाही 100 प्रतिशत पाई गई, जिसके आधार पर फरवरी माह की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में गाजीपुर पुलिस प्रथम स्थान पर रही।
पुलिस अधीक्षक डॉ ईरज राजा गाजीपुर के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण में जनसुनवाई पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। इसी क्रम में जनपद के 27 थानों में से 25 थानों को भी प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है, जो जनपद के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।जनसुनवाई पोर्टल से प्राप्त शिकायतों को पुलिस कार्यालय में गठित आईजीआरएस सेल द्वारा संबंधित थानों को ऑनलाइन प्रेषित किया जाता है। इसके बाद थाना प्रभारियों द्वारा निर्धारित समयसीमा के भीतर शिकायतों की जांच कर ऑनलाइन आख्या प्रेषित की जाती है। साथ ही पुलिस कार्यालय में तैनात आईजीआरएस सेल के कर्मचारी आवेदकों से फीडबैक भी लेते हैं, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि आवेदक पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट है या नहीं।पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस व्यवस्था से शिकायतों के निस्तारण की पारदर्शिता और गुणवत्ता दोनों में सुधार हुआ है, जिसके चलते गाजीपुर पुलिस को प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।