गाजीपुर। वर्तमान अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को लेकर विभिन्न संचार माध्यमों पर पेट्रोलियम पदार्थों तथा घरेलू गैस की आपूर्ति में कमी की आशंका जताई जा रही है, जिससे आम जनमानस में अनावश्यक भय का माहौल बन रहा है। इस संबंध में जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद गाजीपुर में घरेलू गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी प्रकार की कमी नहीं है।जिला पूर्ति अधिकारी अनन्त प्रताप सिंह ने बताया कि जनपद की सभी 66 गैस एजेंसियों पर घरेलू गैस का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। वास्तविक उपभोक्ताओं को ओटीपी के माध्यम से लगातार गैस सिलेंडर का वितरण किया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा पेट्रोलियम पदार्थों की मांग और आपूर्ति की नियमित निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि गत वर्ष की तुलना में चालू माह में भी आपूर्ति और वितरण की स्थिति में कोई खास अंतर नहीं है।जिला पूर्ति अधिकारी ने जनपद के सभी पेट्रोल पंप स्वामियों और गैस एजेंसी संचालकों को निर्देश दिए हैं कि वे नियमानुसार पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस की आपूर्ति सुनिश्चित करें। किसी भी स्थिति में गैस एजेंसी या पेट्रोल पंप द्वारा आपूर्ति को अनावश्यक रूप से न रोका जाए और कहीं भी अवैध भंडारण न होने पाए।उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि किसी व्यक्ति को पेट्रोल या डीजल की बल्क अथवा थोक आपूर्ति न की जाए तथा घरेलू गैस केवल संबंधित उपभोक्ता को ही नियमानुसार उपलब्ध कराई जाए। सभी विक्रय अधिकारियों को पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कहीं भी अव्यवस्था न होने पाए।
पूर्ति निरीक्षक और क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर स्थिति पर नजर रखेंगे। यदि किसी व्यक्ति या फर्म द्वारा डीजल, पेट्रोल या घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण अथवा अवैध बिक्री करते हुए पाया गया, तो उसके विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।