होली के रंग का विवाद बना खून-खराबे की वजह, लाइसेंसी बंदूक से चली गोली में आसमुहम्मद की मौत

Share
रजत श्रीवास्तव –गाजीपुर। करंडा थाना क्षेत्र के चाडीपुर गांव में होली के दिन बच्चों द्वारा रंग डालने को लेकर शुरू हुआ विवाद दो दिन बाद खूनी संघर्ष में बदल गया। रविवार को हुए इस विवाद में एक युवक ने लाइसेंसी बंदूक से गोली चला दी, जिससे 55 वर्षीय आसमुहम्मद की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। उन्हें तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।जानकारी के अनुसार, होली के दिन गांव में बच्चों के बीच रंग डालने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई थी। मामला बढ़ने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर विवाद शांत करा दिया था। उस समय किसी तरह की बड़ी घटना नहीं हुई थी।read more:https://pahaltoday.com/lawyers-staged-a-protest-and-submitted-a-memorandum/
बताया जा रहा है कि उसी विवाद को लेकर रविवार को फिर से दोनों पक्षों के बीच तनातनी शुरू हो गई। आरोप है कि आसमुहम्मद अपने कुछ परिजनों के साथ आरोपी पक्ष के दरवाजे पर पहुंचे और वहां कहासुनी तथा गाली-गलौज होने लगी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपित युवक ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से गोली चला दी। गोली सीधे आसमुहम्मद के सीने में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।घटना की सूचना मिलते ही करंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल मेडिकल कॉलेज भिजवाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया।
थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि होली के दिन रंग डालने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। उसी विवाद के चलते रविवार को फिर से झगड़ा हो गया, जिसके दौरान गोली चलने की घटना हुई।गोलीकांड के बाद गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।एसपी सिटी डॉ. राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आरोपियों की तलाश जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।ग्रामीणों के अनुसार, मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया, जिससे पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *