कमालगंज/फर्रुखाबाद-माननीय उच्च न्यायालय के सख्त आदेशों के अनुपालन में जिला प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कमालगंज तिराहे पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। एसडीएम सदर के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराया।प्रशासन ने बताया कि यह कार्रवाई हाईकोर्ट के निर्देशों के तहत की जा रही है, जिसमें सड़कों पर बढ़ते अवैध कब्जों को तत्काल हटाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के आदेश दिए गए हैं।अभियान के दौरान जेसीबी मशीन की मदद से सड़क किनारे बनी अवैध दुकानों, अस्थायी ढांचों और टीन-शेड को ध्वस्त कर दिया गया।read more:https://khabarentertainment.in/ramadan-is-a-message-of-helping-the-poor-and-everyones-participation-in-the-joys-of-eid-is-essential/ कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल के साथ महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई थी।जिलाधिकारी ने कहा कि हाईकोर्ट के निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जा रहा है। शहर और कस्बों की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखना प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि आम जनता को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में भी अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन की इस अचानक हुई कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में अफरा-तफरी मच गई। कई दुकानदारों ने कार्रवाई से पहले ही अपना सामान समेटना शुरू कर दिया। वहीं स्थानीय नागरिकों और राहगीरों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत किया। उनका कहना है कि अतिक्रमण के कारण मार्ग संकरा हो गया था, जिससे आए दिन जाम की समस्या बनी रहती थी।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया तो संबंधित लोगों पर भारी जुर्माना लगाने के साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।