सोनौली में लगातार दिखाई दे रहा दुर्लभ ‘छोटा गरुड़’ सर्दियों में लोगों के आकर्षण का केंद्र बना विदेशी पक्षी

Share
भारत-नेपाल सीमा के सोनौली नगर में इन दिनों एक विशालकाय और अनोखा पक्षी लगातार दिखाई दे रहा है। अपने लंबे पैरों, बड़ी चोंच, गंजे सिर और विशिष्ट बनावट के कारण यह पक्षी लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। स्थानीय स्तर पर इसे छोटा गरुड़ या हरगिला के नाम से जाना जाता है। पक्षी विशेषज्ञों के अनुसार यह लेसर एडजुटेंट स्टॉर्क है, सोनौली और आसपास के ग्रामीण इलाकों में इस पक्षी की लगातार मौजूदगी ने लोगों में इसके बारे में जानने की उत्सुकता बढ़ा दी है। दक्षिण और दक्षिण-पूर्व एशिया में पाया जाने वाला यह पक्षी भारत और नेपाल के तराई क्षेत्रों के लिए भी महत्वपूर्ण है। आमतौर पर यह दलदली जमीन, तालाबों, नदियों और धान के खेतों के आसपास रहना पसंद करता है।
किसानों का मित्र और प्रकृति का सफाईकर्मी
यह पक्षी केवल अपनी विशाल कद-काठी के लिए ही खास नहीं है, बल्कि पर्यावरण के संतुलन में भी अहम भूमिका निभाता है। इसके भोजन में मछलियां, मेंढक, सांप, केकड़े, बड़े कीड़े-मकोड़े और चूहे शामिल हैं। खेतों में फसलों को नुकसान पहुंचाने वाले चूहों और हानिकारक जीवों को खाकर यह किसानों के लिए प्राकृतिक सहयोगी साबित होता है। कभी-कभी यह मृत जीवों का मांस भी खाता है, जिससे प्रकृति की सफाई में मदद मिलती है।
ऊंचे पेड़ों पर बनाता है अपना आशियाना
लेसर एडजुटेंट स्टॉर्क जमीन पर घोंसला बनाने के बजाय सेमल, पीपल, बरगद और अन्य विशाल पेड़ों की ऊंची शाखाओं पर सूखी टहनियों से बड़ा घोंसला तैयार करता है। प्रजनन के दौरान मादा सामान्यत दो से चार अंडे देती है। नर और मादा दोनों मिलकर अंडों को सेते हैं और चूजों की देखभाल करते हैं। तराई क्षेत्रों में इसका प्रजनन समय मानसून के बाद से सर्दियों तक देखा जाता है।
अस्तित्व बचाने के लिए संरक्षण जरूरी
इस पक्षी के प्राकृतिक आवासों के नष्ट होने, दलदली क्षेत्रों के सिमटने, पेड़ों की कटाई और कीटनाशकों के बढ़ते इस्तेमाल से इसके अस्तित्व पर खतरा बना हुआ है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसे निकट संकटग्रस्त  प्रजाति के रूप में वर्गीकृत किया गया है।
सोनौली में लगातार दिखाई दे रहे इस पक्षी को देखते हुए पर्यावरण संरक्षण की जरूरत भी महसूस होती है। स्थानीय लोगों के लिए जरूरी है कि इसके आसपास शोर-शराबा न करें, घोंसलों को नुकसान न पहुंचाएं और जिन ऊंचे पेड़ों पर यह अपना आशियाना बनाता है, उन्हें सुरक्षित रखें।प्रकृति का यह अनोखा पक्षी सोनौली की जैव विविधता का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसकी मौजूदगी लोगों को यह संदेश भी देती है कि विकास के साथ-साथ पेड़-पौधों, तालाबों और वन्यजीवों का संरक्षण भी उतना ही जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *