सावित्री राजकीय महिला छात्रावास में दीपोत्सव की धूम: दीपों की जगमगाहट और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजी उत्सव की शाम: रूममेट के साथ रैंपवॉक की दिखाई दोस्ती की मिसाल

Share

महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय, बरेली के सावित्री राजकीय महिला छात्रावास में दीपावली पर्व से पूर्व हर्षोल्लास, उमंग एवं उत्साह के साथ दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। माननीय कुलपति प्रो. अनिल कुमार राय के संरक्षण एवं छात्रावास की वार्डन डॉ. ज्योति पाण्डेय के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं ने भारतीय संस्कृति, परंपराओं एवं सांस्कृतिक विविधता का मनोहारी प्रदर्शन किया।कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री गणेश एवं माता लक्ष्मी की विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती के साथ हुआ। छात्राओं ने सामूहिक रूप से आरती कर विश्वविद्यालय परिवार, अपने परिजनों एवं समस्त समाज की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। इसके उपरांत छात्रावास परिसर में दीप प्रज्वलित किए गए, जिससे संपूर्ण परिसर दीपों की मनमोहक रोशनी से जगमगा उठा। छात्राओं ने आतिशबाजी कर दीपावली की खुशियां साझा कीं तथा एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं।दीपोत्सव का विशेष आकर्षण छात्राओं द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम रहे। छात्राओं ने देश के विभिन्न प्रदेशों की लोकसंस्कृतियों एवं परंपराओं पर आधारित आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति की समृद्ध विरासत, सांस्कृतिक विविधता तथा राष्ट्रीय एकता एवं सद्भाव का सुंदर संदेश दिया गया। छात्राओं ने रूममेट के साथ रैंप वॉक कर दोस्ती की मिसाल दिखाई और दिवाली के कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पूरे छात्रावास परिसर को उत्सवमय बना दिया।इस अवसर पर कुलपति प्रो. अनिल कुमार राय ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि दीपावली केवल दीपों और प्रकाश का पर्व नहीं, बल्कि अज्ञान से ज्ञान, निराशा से आशा तथा अंधकार से प्रकाश की ओर अग्रसर होने का प्रतीक है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में सामाजिक समरसता, सामूहिकता, सांस्कृतिक चेतना एवं पारस्परिक सहयोग की भावना को विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय केवल शैक्षणिक उपलब्धियों का केंद्र नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास एवं भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के संवर्धन का भी महत्वपूर्ण माध्यम है।read more:https://pahaltoday.com/mobile-court-visits-ballia-to-hear-grievances-of-persons-with-disabilities-state-commissioner-issues-strict-directives/ उन्होंने सभी छात्राओं को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।विश्वविद्यालय के कुलसचिव श्री महेंद्र कुमार सिंह, वित्ताधिकारी श्री महिमाचंद तथा परीक्षा नियंत्रक डॉ. अनिल कुमार यादव ने भी छात्रावास की समस्त छात्राओं को दीपोत्सव एवं आगामी दीपावली पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं।छात्रावास की वार्डन एवं विश्वविद्यालय की सांस्कृतिक समन्वयक डॉ. ज्योति पाण्डेय ने बताया कि दीपावली के अवकाश के अवसर पर छात्रावास में निवासरत छात्राएं अपने-अपने घरों के लिए प्रस्थान कर जाती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए अवकाश से पूर्व छात्रावास परिसर में सामूहिक दीपोत्सव का आयोजन किया गया, ताकि सभी छात्राएं एक परिवार की भांति मिलकर दीपावली की खुशियां मना सकें।उन्होंने कहा कि छात्रावास छात्राओं के लिए केवल आवासीय परिसर नहीं, बल्कि एक विस्तारित परिवार के समान है, जहां विभिन्न प्रदेशों, क्षेत्रों एवं सांस्कृतिक पृष्ठभूमियों से आने वाली छात्राएं आपसी प्रेम, सहयोग एवं सद्भाव के साथ रहती हैं। ऐसे आयोजन छात्राओं को अपनी सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ उनमें आत्मीयता, एकता, नेतृत्व क्षमता एवं सामूहिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करते हैं।डॉ. ज्योति पाण्डेय ने छात्राओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं पर्यावरण के प्रति संवेदनशील दीपावली मनाने का संदेश देते हुए कहा कि दीपावली का वास्तविक आनंद दूसरों के जीवन में खुशियां और प्रकाश फैलाने में निहित है।कार्यक्रम के सफल आयोजन में हॉस्टल वार्डन डॉ . ज्योति पाण्डेय तथा स्टाफ मीना पांडे, नीलाक्षी एवं राखी का विशेष सहयोग रहा।इस अवसर पर छात्रावास की छात्राएं भूमि, नैंसी, सत्यसाक्षी, नेहा, मनीषा, खुशी, माही, वैष्णवी, नीलम ,अदिति, तनु, गुंजन, कोमल, गरिमा, अमृता, तनिषा, चंद्रप्रभा, प्रियंका सहित बड़ी संख्या में अन्य छात्राएं उपस्थित रहीं।कार्यक्रम का समापन आपसी शुभकामनाओं, उल्लास एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ। दीपों की जगमगाहट, पारंपरिक पूजा-अर्चना तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजी यह उत्सवपूर्ण संध्या छात्राओं के लिए यादगार बन गई।

मीडिया सेल
एम जे पी आर यू

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *