कई दिनों से गांव के आसपास मंडरा रहा था खतरा, रात में पिंजरे में फंसा सात साल का नर गुलदार

Share
शेरकोट । कई दिनों से ग्रामीणों के लिए आतंक का पर्याय बना गुलदार आखिरकार वन विभाग के पिंजरे में कैद हो ही गया। गुलदार की लगातार मौजूदगी से गांव और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल था। देर रात उसके पिंजरे में फंसने की खबर मिलते ही ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।  जानकारी के अनुसार कंदला शाहकोट व  परमावाला गांव के नजदीक  ग्रामीणों को कई दिनों से गुलदार दिखाई दे रहा था। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग ने दो सितंबर को गांव परमावाला में  गन्ना सेंटर के पास पिंजरा लगाया था। शुक्रवार देर रात गुलदार किसी समय पिंजरे में आकर कैद हो गया। सुबह पिंजरे में गुलदार को देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।वन दरोगा सत्यवीर यादव ने बताया कि पकड़ा गया गुलदार नर है और उसकी उम्र करीब सात वर्ष है। वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू कर गुलदार को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया है। स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उच्चाधिकारियों के आदेश पर उसे सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ा जाएगा। गुलदार के पकड़े जाने से ग्रामीणों को फिलहाल बड़ी राहत मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *