विद्यालयों में बच्चों की सुरक्षा के लिए ‘कवच’ प्रशिक्षण शुरू

Share
*फिरोजाबाद*। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), नगला अमान में सोमवार को माध्यमिक शिक्षकों के तीन दिवसीय ‘कवच’ प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण योगेश शिवा ने किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम सात से 12 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा।‘कवच’ शिक्षा विभाग का विशेष सुरक्षा-संरक्षा शिक्षक प्रशिक्षण मॉड्यूल है। इसका उद्देश्य विद्यालयों में बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना और शिक्षकों को बाल सुरक्षा कानून, प्राथमिक चिकित्सा तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने में दक्ष बनाना है। प्रशिक्षण में बाल अधिकारों, विधिक जानकारियों, शारीरिक, मानसिक व साइबर सुरक्षा तथा सुरक्षात्मक उपायों की जानकारी दी जा रही है।read more:https://pahaltoday.com/villagers-upset-over-garbage-dumping-staged-a-protest-at-the-district-collectorate/
*बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में शिक्षकों की अहम भूमिका*
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान देने वाले नहीं, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व और चरित्र का निर्माण करने वाले राष्ट्र निर्माता हैं। शिक्षण कार्य में नवाचार और आधुनिक तकनीकों, जैसे स्मार्ट क्लास तथा सीएलएम, का अधिक से अधिक प्रयोग किया जाना चाहिए।उन्होंने प्राथमिक स्तर पर बच्चों की भाषा और गणित की बुनियादी समझ मजबूत करने तथा निपुण लक्ष्य प्राप्त करने पर जोर दिया। विद्यालयों में छात्र-छात्राओं और अध्यापकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रशिक्षुओं से भविष्य की चुनौतियों के लिए स्वयं को तैयार करने और विद्यालयों में बेहतर वातावरण बनाने का आह्वान किया।
*बच्चों की चित्रकारी देखकर की प्रशंसा*
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने डायट परिसर स्थित बाल वाटिका में कक्षा एक के बच्चों से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों द्वारा बनाई गई चित्रकारी और रचनात्मक कार्यों को देखा तथा उनकी भूरि-भूरि प्रशंसा की। जिलाधिकारी ने बच्चों को टॉफियां भी वितरित कीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *