*फिरोजाबाद*। श्रीजी ज्वैलर्स की दुकान में नकबजनी की घटना का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। सोमवार को पुराने बाईपास स्थित गेल गैस प्लांट के पास खाली प्लाट में घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपित के पैर में गोली लगी, जबकि दो अन्य ने आत्मसमर्पण कर दिया। घायल को पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पुलिस के अनुसार, तीन जुलाई को कस्बा टूंडला स्थित श्री जी ज्वैलर्स की दुकान में नकबजनी हुई थी। मामले में थाना टूंडला में मुकदमा अपराध संख्या 318/26, धारा 331(4)/305 बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा था।सोमवार को पुलिस को सूचना मिली कि घटना में शामिल बदमाश पुराने बाईपास स्थित गेल गैस प्लांट के पास खाली प्लाट में खड़े हैं और चोरी का माल बेचने व नई घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक बैजनाथ सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, आत्मसमर्पण के लिए कहने पर बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से दो फायर किए। जवाबी कार्रवाई में सौदागर शेख पुत्र फैजुल शेख निवासी मालदा, पश्चिम बंगाल, हाल निवासी गाजियाबाद, के पैर में गोली लगी। वहीं, गंगा उर्फ गौरव और अजीत कुमार ने आत्मसमर्पण कर दिया।read more:https://pahaltoday.com/demand-to-remove-government-country-liquor-shop-villagers-stage-protest-at-the-collectorate/#google_vignetteपुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा और दो खोखा कारतूस, चांदी के बिछुआ, पायल, पांच मंगलसूत्र, सात हाथ के ब्रेसलेट, दो कंगन, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, सिक्के, अंगूठियां, कुबेर यंत्र, दीये, कानों के टॉप्स और अन्य सामान बरामद किया है। इसके अलावा दो ऑक्सीजन सिलेंडर, पांच लीटर का गैस सिलेंडर, इलेक्ट्रिक तराजू, सब्बल, छेनी, पेचकस और 10 हजार रुपये भी मिले हैं।पुलिस के मुताबिक, सौदागर शेख के विरुद्ध उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल में चोरी, लूट, नकबजनी, आर्म्स एक्ट व अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। गंगा उर्फ गौरव के विरुद्ध भी एटा और फिरोजाबाद में मुकदमे दर्ज हैं। अजीत कुमार के विरुद्ध टूंडला थाने में संबंधित मुकदमा दर्ज है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक बैजनाथ सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मनोज कुमार, उपनिरीक्षक अंकित कुमार, हर्षित कुमार, प्रशान्त कुमार, विजय कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।