*शिकोहाबाद*। तहसील सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इसमें शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र अधिकारियों के सामने रखे। जिलाधिकारी ने शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 97 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 12 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय में निस्तारण के लिए भेजा गया।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों में दोनों विभागों की संयुक्त टीमें मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच और पैमाइश कर कार्रवाई सुनिश्चित करें।read more:https://pahaltoday.com/protest-by-the-all-gondwana-students-association-and-the-gond-community/ सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे और अतिक्रमण की शिकायतों में तत्काल स्थलीय जांच कर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।समाधान दिवस में मौजा दिवनारा की रचना पचौरी ने गाटा संख्या 864 पर दबंगों द्वारा अवैध कब्जे की शिकायत की। डीएम ने थानाध्यक्ष और तहसीलदार शिकोहाबाद को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं कनवारा निवासी विजय कुमार ने गाटा संख्या 243 भाग 239 की पैमाइश के बाद मेड़ डालने में विपक्षियों द्वारा बाधा डालने की शिकायत की। इस पर एसडीएम को पुलिस और राजस्व टीम भेजकर मौके पर निस्तारण कराने के निर्देश दिए गए।नीतू ने गाटा संख्या 514 में सह खातेदारों द्वारा कम रकबा दिए जाने की शिकायत की। डीएम ने तहसीलदार को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने पूर्व में निस्तारित शिकायतों की वास्तविक स्थिति जानने के लिए शिकायतकर्ताओं से फोन पर बात कर फीडबैक भी लिया। शिकायतकर्ताओं ने निस्तारण पर संतोष जताया। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे, मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य समेत जिला एवं तहसील स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।