बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई, घायल युवक की इलाज के दौरान मौत

Share

म्योरपुर, सोनभद्र। म्योरपुर थाना क्षेत्र के बलियारी गांव के समीप एक सप्ताह पूर्व बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने के बाद गंभीर रूप से घायल हुए युवक की सोमवार को वाराणसी स्थित निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के जामपानी निवासी देवलाल पुत्र रामरत्ती करीब एक सप्ताह पहले म्योरपुर से जामपानी जा रहा था। इसी दौरान बलियारी गांव के समीप उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में देवलाल के सिर में गंभीर चोट आई। घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर में भर्ती कराया गया, जहां हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल से भी स्थिति नाजुक होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर रेफर किया गया था। बाद में वाराणसी के एक निजी अस्पताल में उसका उपचार चल रहा था, जहां सोमवार को उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई की तहरीर पर म्योरपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया। इस संबंध में म्योरपुर थाने के उपनिरीक्षक श्याम देव यादव ने बताया कि युवक बाइक से जाते समय स्वयं अनियंत्रित होकर गिर गया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। भाई की तहरीर पर मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

read more:https://pahaltoday.com/manveer-singh-arrested-near-nepal-border-sent-to-punjab-under-tight-security/

बारिश में ढहा वृद्धा का कच्चा मकान, रहने का संकट
मलबे में दबकर गृहस्थी का सामान हुआ खराब, ग्रामीणों ने प्रशासन से आवास व आर्थिक सहायता की मांग की म्योरपुर (सोनभद्र)। क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के बीच म्योरपुर ब्लॉक के नौडिहा ग्राम पंचायत अंतर्गत कटौली टोला में एक वृद्धा का कच्चा मकान भरभराकर ढह गया। मकान गिरने से घर में रखा गृहस्थी का सामान मलबे में दबकर खराब हो गया। हादसे के बाद वृद्धा के सामने रहने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।कटौली टोला निवासी 67 वर्षीय लक्ष्मनिया पत्नी स्वर्गीय रामबचन अपने कच्चे मकान में अकेली रहती हैं। बीते कई दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण मकान की दीवारें कमजोर हो गई थीं। इसी बीच अचानक मकान ढह गया। गनीमत रही कि हादसे के समय वृद्धा मकान के बाहर थीं, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।मकान ढहने के बाद लक्ष्मनिया के पास सिर छिपाने के लिए सुरक्षित ठिकाना तक नहीं बचा है। अकेले जीवन यापन कर रही वृद्धा के सामने बारिश के मौसम में रहने के साथ ही दैनिक जरूरतों को पूरा करने की भी समस्या उत्पन्न हो गई है। घटना की जानकारी के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित वृद्धा की स्थिति का तत्काल जायजा लेकर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तथा पात्रता के आधार पर प्रधानमंत्री आवास योजना अथवा मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के मौसम में वृद्धा को तत्काल सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया जाना बेहद जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *