गाजीपुर । विकासखंड सदर के राजस्व ग्राम इनरवा स्थित कंपोजिट विद्यालय की समस्याओं पर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की नजर पड़ते ही प्रशासन सक्रिय हो गया। डीएम ने विद्यालय की विभिन्न समस्याओं का संज्ञान लेते हुए खंड विकास अधिकारी समेत संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। इसका असर यह रहा कि महज 24 घंटे के भीतर विद्यालय की प्रमुख समस्याओं का निस्तारण करा दिया गया।जिलाधिकारी के निर्देश पर संबंधित विभागों की टीम ने विद्यालय परिसर में स्थित जर्जर भवन का ध्वस्तीकरण कराया। इसके अलावा दिव्यांग शौचालय की मरम्मत, विद्यालय परिसर की साफ-सफाई और खराब हैंडपंप को दुरुस्त कराने का कार्य भी पूरा कराया गया।
read more:https://pahaltoday.com/ballia-police-receive-two-modern-interceptor-bikes-sp-omvir-singh-flags-them-off/ विद्यार्थियों के लिए पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने से विद्यालय में मूलभूत सुविधाओं की स्थिति में भी सुधार हुआ है।प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से विद्यालय के छात्र-छात्राओं को अब अधिक स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा। जर्जर भवन के ध्वस्तीकरण से जहां संभावित दुर्घटना का खतरा कम हुआ है, वहीं शौचालय, पेयजल और स्वच्छता जैसी आवश्यक सुविधाओं के दुरुस्त होने से विद्यार्थियों को राहत मिली है।जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने जनपद के विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता को प्राथमिकता देते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि विद्यालयों में किसी भी प्रकार की समस्या सामने आने पर उसका तत्काल संज्ञान लेकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। प्रशासन की इस त्वरित पहल को विद्यालयी व्यवस्थाओं में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।