गाजीपुर जमानियां। गौड़ समाज के लोगों को अनुसूचित जनजाति (एसटी) प्रमाण पत्र जारी करने में तहसील एवं राजस्व विभाग स्तर पर आ रही कथित अड़चनों को लेकर बुधवार को अखिल भारतवर्षीय गौड़ महासभा के पदाधिकारियों ने बसपा नेता परवेज खान के नेतृत्व में तहसीलदार जमानियां से मुलाकात की। समाज के लोगों ने प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया में आ रही समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग उठाई।अखिल भारतवर्षीय गौड़ महासभा के तहसील अध्यक्ष मुन्ना राम ने बताया कि गौड़ समाज के लोगों को जनजाति प्रमाण पत्र बनवाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आवेदन करने के बाद पुराने दस्तावेजों की मांग, राजस्व अभिलेखों से संबंधित आपत्तियां तथा अन्य तकनीकी कारणों से प्रमाण पत्र जारी नहीं हो पा रहे हैं। इससे समाज के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, प्रवेश और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में भी परेशानी हो रही है।समाज के लोगों का कहना है कि कई मामलों में लेखपाल स्तर से 1950 से पूर्व के दस्तावेज अथवा पुराने वंशावली एवं पुश्तैनी अभिलेख मांगे जा रहे हैं। वहीं, कुछ मामलों में स्थानीय स्तर पर इस बात को लेकर भी आपत्ति लगाई जा रही है कि संबंधित क्षेत्र में गौड़ समाज के लोग निवास नहीं करते हैं। इसके चलते पुराने एवं वैध साक्ष्यों के बावजूद प्रमाण पत्र जारी कराने में कठिनाई उत्पन्न हो रही है।read more:https://pahaltoday.com/mobile-court-visits-ballia-to-hear-grievances-of-persons-with-disabilities-state-commissioner-issues-strict-directives/बसपा नेता परवेज खान ने कहा कि गौड़ समाज के लोग जनजाति प्रमाण पत्र बनवाने के लिए लंबे समय से सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह गंभीर समस्या है और इसके समाधान के लिए प्रशासन को स्पष्ट दिशा-निर्देश के तहत पात्र लोगों के प्रमाण पत्र जारी कराने की प्रक्रिया को सरल बनाना चाहिए। इसी मांग को लेकर तहसीलदार से वार्ता की गई है।वार्ता के दौरान तहसीलदार राम नारायण वर्मा ने बताया कि शुक्रवार को एसडीएम की अध्यक्षता में संबंधित लेखपालों की मौजूदगी में गौड़ समाज के लोगों के साथ बैठक कर समस्या के निस्तारण पर चर्चा की जाएगी। बैठक में जो निर्देश प्राप्त होंगे, उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।इस मौके पर अखिल भारतवर्षीय गौड़ महासभा के तहसील महामंत्री अखिलेश गौड़, तहसील कोषाध्यक्ष विजय गौड़, तहसील अध्यक्ष मुन्ना राम सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग एवं बसपा समर्थक मौजूद रहे।