छुटमलपुर। श्रावण मास में कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की सुविधा एवं सेवा को ध्यान में रखते हुए कस्बे के प्राचीन श्रीमनकामेश्वर महादेव मंदिर परिसर में शुक्रवार को विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कांवड़ सेवा शिविर का शुभारंभ किया गया। पूजा-अर्चना के साथ आरंभ हुए इस सेवा शिविर में कांवड़ियों को यात्रा के दौरान हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने का संकल्प लिया गया। शिविर का शुभारंभ मंदिर समिति अध्यक्ष राज सिंह साध, सतीश राठौर, प्रमोद शर्मा,वैदिक शिव सत्संग मंदिर के अध्यक्ष मनोज बंसल, मंदिर प्रबंधक नीरज गोयल तथा नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी कमलाकांत राजवंशी ने संयुक्त रूप से भगवान भोलेनाथ का पूजन एवं जलाभिषेक कर किया। सभी ने प्रदेश एवं क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए कांवड़ यात्रा के सकुशल एवं शांतिपूर्ण संपन्न होने की प्रार्थना की। मंदिर समिति अध्यक्ष राज सिंह साध ने बताया कि मनकामेश्वर महादेव मंदिर में प्रत्येक वर्ष कांवड़ सेवा शिविर का आयोजन किया जाता है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा के उद्देश्य से शिविर लगाया गया है।read more:https://pahaltoday.com/mobile-court-visits-ballia-to-hear-grievances-of-persons-with-disabilities-state-commissioner-issues-strict-directives/ उन्होंने कहा कि यह शिविर शिव जलाभिषेक तक लगातार संचालित रहेगा और चैबीसों घंटे स्वयंसेवक कांवड़ियों की सेवा में लगे रहेंगे। उन्होंने बताया कि शिविर में आने वाले कांवड़ यात्रियों के लिए स्नान, विश्राम, भोजन, फलाहार, स्वच्छ पेयजल, प्राथमिक उपचार तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है। इसके अलावा यात्रा के दौरान थके हुए श्रद्धालुओं के लिए आराम करने की विशेष व्यवस्था भी की गई है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। समिति के सदस्यों ने कहा कि कांवड़ियों की सेवा को भगवान शिव की सेवा मानते हुए पूरी श्रद्धा और समर्पण के साथ व्यवस्थाएं संचालित की जाएंगी। इस अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जयघोष किया और शिवभक्ति के माहौल के बीच शिविर का शुभारंभ उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। समिति के सदस्यों ने क्षेत्रवासियों से भी कांवड़ यात्रा के दौरान सहयोग एवं अनुशासन बनाए रखने की अपील की। कार्यक्रम में विपिन गोयल, डॉ. मनोज गुप्ता, विवेक गोयल, बंटी सिंगल, विशाल बंसल, मांगेराम शर्मा, राजीव पराशर, संजय राठौर, रवीश सैनी, भीम सेन, कन्हैया बंसल सहित मंदिर समिति के अनेक पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।