सहारनपुर में शिवभक्तों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा, बारिश के बीच गूंजा हर-हर महादेव

Share

सहारनपुर। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा के दौरान शुक्रवार को सहारनपुर में शिवभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे शिवभक्त कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया गया। आसमान से बरसते फूलों और बारिश की बूंदों के बीच पूरा कांवड़ मार्ग हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंज उठा। नगर निगम की ओर से आयोजित पुष्पवर्षा के दौरान महापौर डॉ. अजय सिंह, नगर आयुक्त शिपू गिरी और पद्मश्री योग गुरु भारत भूषण हेलीकॉप्टर में सवार रहे। हेलीकॉप्टर से फूल बरसते देख कांवड़ियों का उत्साह देखते ही बना। शिवभक्तों ने हाथ उठाकर अभिवादन किया और भगवान भोलेनाथ के जयकारे लगाए। फूलों के साथ इंद्रदेव ने भी बरसाया जल पुष्पवर्षा के दौरान अचानक बारिश शुरू होने से दृश्य और भी मनोहारी हो गया। एक ओर आसमान से फूल बरस रहे थे, वहीं दूसरी ओर बारिश की बूंदें शिवभक्तों को भिगो रही थीं। श्रद्धालुओं ने इसे भगवान शिव की कृपा बताते हुए उत्साह के साथ अपनी यात्रा जारी रखी। कांवड़ मार्ग पर मौजूद लोगों ने इस मनोहारी दृश्य को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया।

read more:https://pahaltoday.com/woman-posing-as-a-bride-flees-after-administering-a-sedative-remains-at-large-even-after-a-month-and-a-half/
शिवभक्तों का स्वागत करना सौभाग्य: महापौर
महापौर डॉ. अजय सिंह ने कहा कि हरिद्वार से गंगाजल लेकर आने वाले शिवभक्तों का स्वागत और सेवा करना नगर निगम के लिए सौभाग्य की बात है। कांवड़ यात्रा हमारी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए नगर निगम की ओर से हरसंभव व्यवस्थाएं की गई हैं। नगर आयुक्त शिपू गिरी ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान नगर निगम की टीमें लगातार कांवड़ मार्ग पर सक्रिय हैं। स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य जनसुविधाओं की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि शिवभक्तों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
कांवड़ियों ने की व्यवस्थाओं की सराहना
पद्मश्री योग गुरु भारत भूषण ने कहा कि शिवभक्तों की सेवा और उनका स्वागत पुण्य का कार्य है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अनुशासन बनाए रखने और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। पुष्पवर्षा से उत्साहित कांवड़ियों ने भी सहारनपुर में किए गए स्वागत और व्यवस्थाओं की सराहना की। श्रद्धालुओं ने बताया कि कांवड़ मार्ग पर जगह-जगह भोजन, पेयजल, चिकित्सा और विश्राम की सुविधाएं उपलब्ध हैं। हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा ने उनके स्वागत को यादगार बना दिया। फूलों और बारिश के बीच शिवभक्तों का काफिला बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष के साथ अपने गंतव्य की ओर बढ़ता रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *