बाराबंकी। दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र के लोगों को शनिवार को आवागमन की नई सुविधा मिली। उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति राज्यमंत्री और क्षेत्रीय विधायक सतीश चंद्र शर्मा ने भिटरिया-हैदरगढ़ संपर्क मार्ग पर भीखरपुर गांव के पास नवनिर्मित लघु सेतु का लोकार्पण किया। इस मार्ग पर पहले बना पुल संकरा था, जिससे लंबे समय से यातायात बाधित होता था। सड़क चौड़ीकरण के बावजूद पुल की कम चौड़ाई के कारण बड़े वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती थी। पुल के पास तीव्र मोड़ और घने कोहरे में कम दृश्यता के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता था। अक्सर दो बड़े वाहनों के एक साथ न निकल पाने से जाम की स्थिति भी उत्पन्न हो जाती थी। राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने बताया कि क्षेत्रीय जनता की मांग और यातायात संबंधी समस्याओं को देखते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष नए लघु सेतु के निर्माण का प्रस्ताव रखा था। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य पूरा हुआ और अब इसे जनता को समर्पित कर दिया गया है। समारोह को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में सड़क, पुल और अन्य आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विकास हो रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार का उद्देश्य गांव-गांव तक बेहतर संपर्क व्यवस्था उपलब्ध कराकर लोगों का जीवन सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक बनाना है। उन्होंने यह भी कहा कि भीखरपुर लघु सेतु के शुरू होने से हजारों ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों और व्यापारियों को सीधा लाभ मिलेगा। इससे भिटरिया-हैदरगढ़ मार्ग पर यातायात अधिक सुरक्षित और सुचारु होगा, जिससे दुर्घटनाओं और जाम की समस्या में कमी आएगी। लोकार्पण समारोह में भाजपा जिला मंत्री रूपेश प्रताप सिंह ‘लकी’, जगत बहादुर सिंह, सुरेंद्र मिश्रा, विवेक तिवारी, जवाहर वर्मा, अभिषेक वर्मा, प्रदीप सिंह, शिवमोहन वर्मा, माधव राज सिंह, राहुल सिंह, संतोष पांडेय, राजू सिंह सहित क्षेत्र के प्रधान, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों ने पुल निर्माण के लिए राज्य मंत्री का आभार व्यक्त किया।
राज्यमंत्री ने बांटी राहत
सामग्रीबाराबंकी। राज्यमंत्री सतीश चन्द शर्मा ने शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार विधानसभा दरियाबाद अंतर्गत तहसील रामसनेहीघाट के सरयू (घाघरा) नदी से प्रभावित टिकरी, कोईलावर, गुनौली, डेमा, जलालपुर तराई बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में पहुंचकर पीड़ित परिवारों को बाढ़ राहत सामग्री वितरित की। उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों से कहा कि आपदा की इस घड़ी में प्रदेश सरकार हर प्रभावित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख रत्नेश सिंह मिंटू, बब्बन द्विवेदी, वीरेंद्र पांडेय, राजीव चौहान, श्रीराम, अक्षयवर लोधी, उपजिलाधिकारी, तहसीलदार सहित पार्टी पदाधिकारीगण, कार्यकर्तागण एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।