सहारनपुर। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को मेरठ मंडलायुक्त सभागार में उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एस.पी. गोयल एवं पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण की संयुक्त अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेरठ, सहारनपुर, अलीगढ़ एवं मुरादाबाद मंडलों के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ उत्तराखंड, दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान के अधिकारियों ने भी भाग लिया। बैठक में कांवड़ यात्रा मार्गों की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, चिकित्सा सुविधाओं, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, सड़क मरम्मत, सीसीटीवी निगरानी, ड्रोन मॉनिटरिंग तथा अंतरराज्यीय समन्वय सहित सभी महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से तैयारियों की जानकारी भी दी। मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने कहा कि कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं दुर्घटनामुक्त संपन्न कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को अपने दायित्वों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कांवड़ मार्गों पर स्वच्छता, चिकित्सा शिविर, एंबुलेंस, मोबाइल टॉयलेट, प्रकाश व्यवस्था, जल निकासी, ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा, होटल-ढाबों पर रेट सूची प्रदर्शित करने तथा प्लास्टिक मुक्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीजीपी राजीव कृष्ण ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान असामाजिक एवं आपराधिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाए।read more:https://khabarentertainment.in/cattle-found-below-standards-and-shortage-of-fodder-observed-during-sdms-surprise-inspection/सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों, फेक न्यूज और भ्रामक नैरेटिव पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने डीजे संचालन को सुप्रीम कोर्ट के मानकों के अनुरूप रखने, स्टंटबाजी और बिना साइलेंसर वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। बैठक में सीमावर्ती राज्यों के अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय, सूचना के त्वरित आदान-प्रदान तथा ट्रैफिक डायवर्जन को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रमुख स्थलों पर चिकित्सा शिविर, बाइक एंबुलेंस, गोताखोर, मोटरबोट तथा पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात करने के निर्देश दिए गए। बैठक से पूर्व मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने मेरठ स्थित बाबा औघड़नाथ मंदिर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा जलाभिषेक भी किया। इस अवसर पर एडीजी मेरठ जोन भानु भास्कर, आयुक्त मेरठ मंडल भानु चंद्र गोस्वामी, डीआईजी कलानिधि नैथानी, सहारनपुर मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार, डीआईजी सहारनपुर अभिषेक सिंह, जिलाधिकारी मेरठ डॉ. वी.के. सिंह, एसएसपी मेरठ अविनाश पांडे सहित चारों मंडलों एवं सीमावर्ती राज्यों के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के अंत में मुख्य सचिव ने सभी अधिकारियों को समन्वित प्रयासों के साथ कांवड़ यात्रा को भव्य, सुरक्षित एवं सफल बनाने के निर्देश दिए।