सोनभद्र। बभनी थाना क्षेत्र के शीशटोला जंगल में शनिवार शाम हथियारबंद बदमाशों ने एक सर्राफा व्यवसायी पर हमला कर लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण लूट कर फरार हो गए। वारदात के दौरान बदमाशों ने हवाई फायरिंग की और विरोध करने पर व्यवसायी पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया। जानकारी के अनुसार, कुलधीर कुमार पुत्र सीताराम सेठ निवासी चपकी (रघुनाथ नगर, छत्तीसगढ़) बाजार से दुकान का सामान लेकर अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह शीशटोला जंगल पहुंचे, अपाची बाइक पर सवार तीन हथियारबंद बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और जेवरात से भरा झोला छीनने का प्रयास किया। व्यवसायी द्वारा विरोध करने पर बदमाशों ने पहले हवाई फायरिंग की, फिर चाकू से तीन वार कर उन्हें घायल कर दिया।read more: https://khabarentertainment.in/khadiya-bazar-kota-road-becomes-a-death-trap-commuters-plagued-by-potholes-and-waterlogging/ इसके बाद बदमाश करीब 300 ग्राम सोने के आभूषण, 8 किलो चांदी के जेवरात और दुकान का खाता-बही लेकर फरार हो गए। पीड़ित के मुताबिक वारदात के बाद दो बदमाश जंगल की ओर पैदल भाग गए, जबकि एक आरोपी अपाची बाइक से जिगनहवा की दिशा में फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व्यवसायी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आरोपियों की तलाश में जंगल क्षेत्र में कांबिंग अभियान शुरू कर दिया। प्रभारी निरीक्षक डी.पी. यादव ने बताया कि लूट, मारपीट और फायरिंग के संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें सक्रिय हैं और क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया गया है।