जमानियां (गाजीपुर)। धान की रोपाई के महत्वपूर्ण सीजन में सिंचाई के लिए पानी की भारी किल्लत से जूझ रहे किसानों की समस्या को लेकर शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष अरविन्द कुमार सिंह ने उपजिलाधिकारी सुश्री निधि को मांग पत्र सौंपा। उन्होंने जमानियां पंप कैनाल को पूरी क्षमता से संचालित करने तथा वर्तमान में लागू रोस्टर प्रणाली को तत्काल समाप्त करने की मांग की।read more:https://khabarentertainment.in/khadiya-bazar-kota-road-becomes-a-death-trap-commuters-plagued-by-potholes-and-waterlogging/
मांग पत्र में कहा गया है कि जमानियां पंप कैनाल से जुड़े दिलदारनगर राजवाहा और देवैथा राजवाहा के माइनरों में एक-एक सप्ताह के अंतराल पर रोस्टर के अनुसार सिंचाई का पानी छोड़ा जा रहा है। इस व्यवस्था के कारण किसानों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि प्रत्येक रोस्टर में केवल नहर के शुरुआती हिस्से के किसान ही पानी का लाभ ले पा रहे हैं, जबकि पानी जल्द समाप्त हो जाने से मध्य और अंतिम छोर (टेल) के किसानों तक पानी पहुंच ही नहीं रहा है।अरविन्द कुमार सिंह ने बताया कि पानी के अभाव में क्षेत्र में धान की रोपाई का कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंप कैनाल के सभी पंप पूरी क्षमता से संचालित नहीं किए जा रहे हैं, जिसके चलते नहरों में पर्याप्त जलापूर्ति नहीं हो पा रही है।उन्होंने बताया कि देवैथा राजवाहा से जुड़े देवैथा, करमहरी, रोहूणा, तियरी, देवढ़ी, दाउदपुर, धुस्का और राम नारायणपुर समेत कई गांवों में पानी के अभाव के कारण किसानों के खेतों में अभी तक धान की रोपाई शुरू नहीं हो सकी है। इससे किसानों के सामने खेती का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।मांग पत्र के माध्यम से उन्होंने प्रशासन से जनहित और किसान हित में दिलदारनगर एवं देवैथा राजवाहा की रोस्टर प्रणाली तत्काल समाप्त कर जमानियां पंप कैनाल को पूर्ण क्षमता से संचालित कराने तथा नहरों में निरंतर जलापूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि किसान समय रहते धान की रोपाई पूरी कर सकें।उपजिलाधिकारी सुश्री निधि ने मांग पत्र प्राप्त कर मामले में आवश्यक एवं उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।