हाइवे पर बने अवैध पार्किंग से राहगीर परेशान, लग रहा लंबा जाम

Share

शक्तिनगर, सोनभद्र। शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर खड़िया बाजार स्थित बोदरा बाबा के पास रोज लगने वाला भीषण जाम अब प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। हालात ऐसे हैं कि सुबह स्कूल खुलने के समय सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं और स्कूली बच्चे, अभिभावक, कर्मचारी व आम राहगीर घंटों जाम में फंसने को मजबूर हो जाते हैं।read more:https://khabarentertainment.in/major-action-by-the-food-safety-department-sauce-factory-raided-550-kg-of-stock-destroyed/स्थानीय लोगों का कहना है कि शक्तिनगर थाना पुलिस जाम खुलवाने के लिए लगातार प्रयास करती है और कई बार घंटों की मशक्कत के बाद यातायात सामान्य भी करा देती है, लेकिन महज कुछ घंटों बाद फिर वही स्थिति पैदा हो जाती है। भारी डंपरों और ट्रेलरों की अनियंत्रित आवाजाही के कारण पूरी सड़क फिर जाम की गिरफ्त में आ जाती है। सुबह स्कूल के समय हालात सबसे ज्यादा भयावह हो जाते हैं। बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रहे अभिभावक जाम में फंस जाते हैं, जिससे विद्यार्थी समय पर विद्यालय नहीं पहुंच पाते। स्कूल बसें भी घंटों तक सड़क पर रेंगती रहती हैं, जिससे पढ़ाई प्रभावित हो रही है। नौकरीपेशा लोगों को भी रोजाना देरी का सामना करना पड़ रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क के दोनों ओर खड़े कोयला परिवहन में लगे डंपर और ट्रेलरों ने मार्ग को संकरा बना दिया है। नतीजतन एम्बुलेंस तक को रास्ता नहीं मिल पाता और पैदल राहगीरों को भी जान जोखिम में डालकर निकलना पड़ता है। हर दिन दुर्घटना की आशंका के बीच लोग सफर करने को विवश हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जब तक भारी वाहनों के संचालन के लिए समय निर्धारण, वैकल्पिक पार्किंग और प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन लागू नहीं किया जाएगा, तब तक यह समस्या खत्म होने वाली नहीं है। लोगों ने जिला प्रशासन, परिवहन विभाग और संबंधित कंपनियों से तत्काल हस्तक्षेप कर स्थायी समाधान की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो खड़िया बाजार का यह जाम किसी बड़े हादसे की वजह बन सकता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *