गंगोह। सहारनपुर पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सवेरा दृ नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर’ अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए गंगोह क्षेत्र से एक शातिर नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 60.40 लाख रुपये मूल्य की 320 ग्राम अवैध स्मैक, एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना गंगोह पुलिस टीम रविवार को गश्त एवं चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान खानपुर ताताहेड़ी चैराहे के पास पुलिस ने मुकरीम पुत्र इस्लाम निवासी ग्राम धलापड़ा, थाना गंगोह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को देखते ही उसका एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने फरार साथी के साथ मिलकर स्मैक की तस्करी करता है और दोनों स्वयं भी नशा करते हैं। बरामद स्मैक को वह मोटरसाइकिल से विभिन्न स्थानों पर बेचने जा रहा था। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि बरामद तमंचा वह लोगों को डराने-धमकाने और अपनी सुरक्षा के लिए साथ रखता था। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट तथा आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।read more:https://khabarentertainment.in/cattle-found-below-standards-and-shortage-of-fodder-observed-during-sdms-surprise-inspection/ साथ ही स्मैक तस्करी के फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंक की भी गहन जांच की जा रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पहले से ही लूट, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर और अवैध हथियारों सहित विभिन्न गंभीर मामलों में वांछित एवं अभियुक्त रहा है। उसके विरुद्ध सहारनपुर जनपद के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए ऐसे तत्वों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।