सहारनपुर। वृक्षारोपण महाअभियान-2026 के अंतर्गत रविवार को दीवानी न्यायालय परिसर में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला एवं सत्र न्यायाधीश सतेंद्र कुमार तथा प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय देवेंद्र सिंह ने सेंशन हाउस परिसर में पौधरोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। इसके बाद न्यायालय परिसर में औषधीय एवं छायादार पौधे लगाए गए। इस अवसर पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश सतेंद्र कुमार ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं और पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान मातृ सम्मान के साथ-साथ प्रकृति संरक्षण का भी संदेश देता है। उन्होंने सभी न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय देवेंद्र सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। न्यायपालिका समाज में न्याय के साथ सामाजिक और पर्यावरणीय जिम्मेदारियों के प्रति भी जागरूकता फैलाने का कार्य कर रही है।read more:https://worldtrustednews.in/yogi-government-working-to-make-youth-skilled-in-line-with-industry-demand/]उन्होंने प्रत्येक नागरिक से वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने की अपील की। कार्यक्रम में सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल त्यागी, प्रभागीय वनाधिकारी श्रीमती चांदनी, अपर जिला जज मोहम्मद अहमद खान, विकास गुप्ता, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मीनाक्षी सिन्हा, उप प्रभागीय वनाधिकारी डॉ. संवेदना चैहान सहित सभी न्यायिक अधिकारियों ने पौधरोपण किया। इस दौरान न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं और न्यायालय कर्मचारियों ने रोपे गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सहारनपुर की ओर से किया गया। आयोजकों ने भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण के लिए ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम निरंतर चलाने की बात कही।