बाराबंकी। आगामी विधानसभा 2027 चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई है। शनिवार को बाराबंकी के सदर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत देवा कस्बा स्थित ऑडिटोरियम में बसपा का एक विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित हुआ। जिसमें बड़ी संख्या में बसपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों और ग्रामीणों का हुजूम उमड़ा। सम्मेलन के दौरान नेताओं ने जनता को संबोधित करते हुए अपने विचार रखें, साथ ही सदर विधानसभा प्रत्याशी का नाम घोषित किया गया। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने मोहम्मद मुबश्शिर को सदर विधानसभा का प्रभारी और प्रत्याशी घोषित किया है। प्रत्याशी घोषित होने के बाद कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। वहीं बसपा नेता नेता सदर विधानसभा में अपने समर्थकों के साथ अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। सम्मेलन में पार्टी संगठन को मजबूत करने, विधानसभा चुनाव 2027 की रणनीति तैयार करने और कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बसपा प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता अभी से विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में जुट जाएं। बसपा प्रदेशभर में मजबूती से चुनाव लड़ेगी और कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा का प्रचार-प्रसार करना होगा। बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाना समय की आवश्यकता है। इस दौरान उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में बसपा सुप्रीमो मायावती को दोबारा मुख्यमंत्री बनाना पार्टी का मुख्य लक्ष्य है। सम्मेलन में अयोध्या मंडल के मुख्य मंडल प्रभारी अजय कुमार गौतम ने बताया कि बसपा सर्व समाज की पार्टी है और सभी वर्गों के लोगों का पार्टी को समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनता की समस्याओं को उठाने और पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया।read more:https://khabarentertainment.in/major-action-by-the-food-safety-department-sauce-factory-raided-550-kg-of-stock-destroyed/मोहम्मद मुबश्शिर ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उस भरोसे पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि जनता के बीच रहकर क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा और चुनाव में जीत दर्ज कर पार्टी को मजबूत किया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि बसपा समाज के सभी वर्गों के लिए राजनीति करती है और 2027 में फिर से सरकार बनाएगी। इस दौरान उन्होंने मायावती सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए जनहित के मुद्दों पर बात की। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व एमएलसी एवं मुख्य मंडल प्रभारी अयोध्या दिनेश चन्द्रा ने की। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों से बदलाव चाहती है और बसपा को एक मजबूत विकल्प के रूप में देख रही है। सम्मेलन में मुख्य मंडल प्रभारी दिग्विजय सिंह गौतम, नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन हफीज भारती, पूर्व प्रमुख चौधरी तालिब नजीब कोकब, मुस्लिम समाज के मुख्य मंडल संयोजक मो असद, पिछड़ा वर्ग समाज के मुख्य मंडल संयोजक रवि प्रकाश मौर्य, मंडल प्रभारी राजेश गौतम, विक्रम गौतम, जिलाध्यक्ष तुलसी प्रसाद गौतम, प्रमोद गौतम, माधव सिंह पटेल, मो आसिफ, प्रदीप गौतम, प्रेम प्रकाश गौतम, रविकांत एडवोकेट, प्रदीप कुमार, नवमी लाल समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।