बहराइच (विशेश्वरगंज )। विकासखंड विशेश्वरगंज के ग्राम सभा गुलरिहा स्थित प्राथमिक विद्यालय गुलरिहा एवं प्राथमिक विद्यालय संत जगीर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित स्कूल चलो अभियान रैली को खंड शिक्षा अधिकारी कमलेश कुमार मिश्र ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली का उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित करना तथा शिक्षा के प्रति अभिभावकों और ग्रामीणों को जागरूक करना था।विद्यालय के शिक्षकों की देखरेख में बच्चों ने हाथों में तख्तियां और जागरूकता संदेश लिए बड़े उत्साह और जोश के साथ रैली निकाली। रैली के दौरान बच्चों ने शिक्षा के महत्व से जुड़े नारों के माध्यम से ग्रामीणों को अपने बच्चों को विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया। ग्रामीणों ने तालियां बजाकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया और अभियान की सराहना की।रैली के उपरांत खंड शिक्षा अधिकारी कमलेश कुमार मिश्र ने प्राथमिक विद्यालय गुलरिहा में विद्यार्थियों को पुस्तकें वितरित कीं तथा कंपोजिट ग्रांट से खरीदे गए स्मार्ट टीवी का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा सकती है और स्मार्ट टीवी बच्चों की पढ़ाई को अधिक रोचक एवं प्रभावी बनाएगा।खंड शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय में बच्चों की शैक्षिक उपलब्धियों, विभिन्न विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन तथा विद्यालय की व्यवस्थाओं की समीक्षा भी की। विद्यालय में विद्यार्थियों की अच्छी उपस्थिति, उनकी शैक्षिक प्रगति तथा गणवेश में सुसज्जित छात्रों को देखकर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की।read more:https://khabarentertainment.in/relief-rain-falls-from-the-sky-in-bhadohi-the-carpet-city/विद्यालय के कार्यों से संतुष्ट होकर उन्होंने विद्यालय स्टाफ की प्रशंसा करते हुए कहा कि शिक्षकों की मेहनत और लगन से ही विद्यालयों में बेहतर शैक्षिक वातावरण तैयार होता है।इस अवसर पर ग्राम प्रधान नीरज सिंह, विद्यालय प्रबंध समिति अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह, प्रभारी प्रधानाध्यापक विवेक विक्रम सिंह, शिक्षक पीयूष रंजन मिश्र, निहारिका दीक्षित, अनुपमा सिंह, आंगनबाड़ी सहायिका अमिता पाल, प्राथमिक विद्यालय संत जगीर के प्रभारी प्रधानाध्यापक चंद्रपाल सिंह, शिक्षक संकुल अंकित सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।