बाराबंकी। स्कूल चलो अभियान के द्वितीय चरण का शुभारंभ गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित लोक सभागार में हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत रहीं, जबकि अध्यक्षता विधान परिषद सदस्य अंगद कुमार सिंह ने की। इस मौके पर जनपद के प्रत्येक बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने तथा छह से चौदह वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम को सांस्कृतिक गरिमा प्रदान की। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार पाठक ने अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि छह से चौदह वर्ष आयु वर्ग के प्रत्येक बच्चे का विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित करने तथा पढ़ाई छोड़ चुके बच्चों को पुनः विद्यालय से जोड़ने के लिए विशेष अभियान संचालित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत शिक्षक, शिक्षामित्र एवं अनुदेशक घर-घर जाकर विद्यालय से बाहर बच्चों का चिन्हांकन करेंगे और अभिभावकों को शिक्षा के प्रति जागरूक करेंगे। मुख्य अतिथि राजरानी रावत ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है। उन्होंने शिक्षकों से घर-घर संपर्क कर अभिभावकों को जागरूक करने का आह्वान किया ताकि जनपद का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही विकसित भारत की मजबूत नींव है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विधान परिषद सदस्य अंगद कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र के समग्र विकास का आधार है। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने तथा स्कूल चलो अभियान को जनभागीदारी का अभियान बनाने की अपील की।read more:https://khabarentertainment.in/meritorious-students-honored-at-klgm-inter-college-incentive-amount-of-%e2%82%b961000-distributed/ उन्होंने कहा कि बच्चों को निरंतर प्रेरित कर विद्यालयों में उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जा सकती है। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य डॉ. अवधेश वर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन सहित अन्य अधिकारियों ने अभियान की सफलता के लिए सभी विभागों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं समाज के सामूहिक सहयोग पर बल दिया। कार्यक्रम में स्कूल चलो अभियान के प्रथम चरण के दौरान सर्वाधिक नामांकन कराने वाले पांच उत्कृष्ट शिक्षकों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को पुस्तकें भी वितरित की गईं। अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर स्कूल चलो जागरूकता रैली को रवाना किया। रैली के माध्यम से लोगों को बच्चों का नामांकन कराने, नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का संचालन सुभाष चन्द्र तिवारी एवं प्रदीप श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर खण्ड शिक्षा अधिकारी चंद्रशेखर यादव, जैनेन्द्र कुमार एवं फिजा मिर्जा, जिला समन्वयक नन्दन पाण्डेय, पुनीत कुमार श्रीवास्तव, डॉ. पीयूष कुमार श्रीवास्तव, पुनीतमणि त्रिपाठी, पंकज वर्मा, स्टेनो राहुल शुक्ला, जिला स्काउट मास्टर राजेन्द्र त्रिपाठी, ऋषि टंडन, उमेश यादव, मनोज चौधरी, वेद प्रकाश श्रीवास्तव, रमाकांत वर्मा, दिवाकर अवस्थी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक एवं रसोइयां उपस्थित रहे।