सहारनपुर। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल ने वर्ष 2026-27 के लिए संगठन की केंद्रीय टीम का गठन करते हुए सहारनपुर के वरिष्ठ उद्योगपति एवं निर्यातक प्रमोद सदाना को नेशनल वाइस प्रेसिडेंट मनोनीत किया है। इस नियुक्ति के साथ उन्हें संगठन की नीतियों के क्रियान्वयन, विभिन्न चैप्टरों के समन्वय, सदस्यता विस्तार तथा उद्योगों की समस्याओं के समाधान की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रमोद सदाना वर्तमान में सुहाग इम्पेक्स के मैनेजिंग पार्टनर हैं। उन्हें उद्योग एवं निर्यात क्षेत्र में लगभग 28 वर्षों तथा एमएसएमई, स्किल डेवलपमेंट और मैनेजमेंट सिस्टम के क्षेत्र में 23 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वे आईआईए में नेशनल वाइस प्रेसिडेंट (स्किल डेवलपमेंट), नेशनल सेक्रेटरी और सहारनपुर चैप्टर के चेयरमैन सहित कई महत्वपूर्ण दायित्व निभा चुके हैं। नियुक्ति पर प्रमोद सदाना ने आईआईए के राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि सहारनपुर और मुरादाबाद जोन के सभी चैप्टरों को अधिक सक्रिय बनाया जाएगा तथा सदस्यता विस्तार के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।read more:https://pahaltoday.com/major-action-by-mineral-department-2-mines-sealed-7-trucks-seized/ साथ ही उद्योगों की समस्याओं को शासन और प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाकर उनके समाधान का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सहारनपुर का वुडन हैंडीक्राफ्ट उद्योग और मुरादाबाद का पीतल उद्योग देश की पहचान हैं। इन उद्योगों को सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने, निर्यात को बढ़ावा देने तथा एमएसएमई इकाइयों को सशक्त बनाने के लिए संगठन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा। उनकी नियुक्ति पर सहारनपुर एवं मुरादाबाद मंडल के उद्योगपतियों, निर्यातकों और आईआईए पदाधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं तथा विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन और अधिक प्रभावी भूमिका निभाएगा।