बिहारीगढ़ (सहारनपुर)। जनपद में अवैध शराब और नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बिहारीगढ़ पुलिस ने एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चेतक मार्का देशी शराब के 50 पाउच बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी बेहट के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सतेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर मलिक कार धुलाई सेंटर के सामने सड़क से अंकित कुमार पुत्र सोमपाल, निवासी ग्राम शहीद वाला ग्रांट, थाना बुग्गावाला, जनपद हरिद्वार (उत्तराखंड) को गिरफ्तार किया गया।read more:https://pahaltoday.com/pm-modi-explained-the-importance-of-every-vote-and-said-that-everyone-should-use-their-vote/तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 50 पाउच अवैध देशी शराब बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर थाना बिहारीगढ़ में आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह अवैध शराब कहां से लाता था और किन क्षेत्रों में उसकी आपूर्ति करता था। यदि किसी बड़े नेटवर्क का खुलासा होता है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक सुरेन्द्र सिंह, कांस्टेबल रूपेश कुमार तथा आरक्षी नवनीत शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनपद में अवैध शराब और नशे के कारोबार के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।