आईएसपी ने दी अलीगंज अग्निकांड के दिवंगत छात्रों को भावभीनी श्रद्धांजलि

Share

बाराबंकी। लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र स्थित एक निजी कोचिंग संस्थान में हुई हृदयविदारक अग्निकांड की घटना में असमय काल-कवलित हुए छात्रों की आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करने के उद्देश्य से इण्डियन स्टूडेंट पॉवर द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क, सतरिख नाका, बाराबंकी में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। सभा में उपस्थित लोगों ने दिवंगत विद्यार्थियों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर संगठन के संरक्षक पंकज गुप्ता ‘पंकी’ ने कहा कि अलीगंज की यह घटना अत्यंत दुःखद एवं चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश एवं देश के विभिन्न हिस्सों में पूर्व में भी इस प्रकार की दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन समय बीतने के साथ सुरक्षा मानकों की अनदेखी फिर शुरू हो जाती है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, अस्पतालों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर अग्नि सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा और निरीक्षण होना अत्यंत आवश्यक है। केवल दुर्घटना के बाद कार्रवाई करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि सुरक्षा मानकों के पालन को निरंतर सुनिश्चित किया जाना चाहिए।read more:https://pahaltoday.com/prerna-yatra-organized-on-mangal-pandey-martyrdom-day-and-bankim-chandra-chattopadhyays-death-anniversary/ संगठन के अध्यक्ष सिद्धार्थ कनौजिया ने कहा कि जिन स्थानों पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित होते हैं, विशेषकर कोचिंग संस्थान, विद्यालय, अस्पताल एवं अन्य बहुमंजिला भवन, वहां प्रशासन को समय-समय पर सुरक्षा व्यवस्था, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता एवं आपातकालीन निकास मार्गों का निरीक्षण करते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं केवल संस्थानों की ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की चिंता का विषय हैं और भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी एवं स्थायी कदम उठाए जाने चाहिए। श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित सभी लोगों ने एक स्वर में दिवंगत विद्यार्थियों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उनके परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। साथ ही प्रशासन एवं शासन से मांग की गई कि प्रदेश भर में संचालित कोचिंग संस्थानों एवं अन्य शैक्षणिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएं। इस अवसर पर संगठन के जिला महासचिव विनीत वर्मा, हिमांशु सैनी, केशव राम, मोनू वर्मा, अविनाश वर्मा, अभिषेक, दिलीप वर्मा, राघवेंद्र सुमन, अनुपम , अमित सूर्यवंशी, नेहा सिंह आनन्द, मालती यादव, जया श्रीवास्तव, सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *