सहारनपुर। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल (पंजीकृत) की सहारनपुर इकाई ने पैदल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार को ज्ञापन सौंपते हुए शहर और मंडल क्षेत्र में सुरक्षित एवं अतिक्रमण मुक्त फुटपाथों की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। व्यापार मंडल का कहना है कि फुटपाथों पर बढ़ते अतिक्रमण के कारण आम नागरिकों, विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं, विद्यार्थियों और दिव्यांगजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। व्यापार मंडल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं जिलाध्यक्ष शीतल टंडन के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि हाल ही में सर्वोच्च न्यायालय ने पैदल यात्रियों के सुरक्षित आवागमन को नागरिकों का महत्वपूर्ण अधिकार माना है। ऐसे में प्रशासन को फुटपाथों की उपलब्धता और सुरक्षा को प्राथमिकता देनी चाहिए। ज्ञापन में बताया गया कि शहर के कई बाजारों और व्यावसायिक क्षेत्रों में फुटपाथ अतिक्रमण, पार्किंग और अस्थायी कब्जों की भेंट चढ़ चुके हैं, जिसके चलते लोगों को सड़क पर चलने के लिए मजबूर होना पड़ता है। इससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है।read more:https://pahaltoday.com/prerna-yatra-organized-on-mangal-pandey-martyrdom-day-and-bankim-chandra-chattopadhyays-death-anniversary/ व्यापार मंडल ने मांग की कि मंडल के सभी शहरों और कस्बों में फुटपाथों का सर्वे कराया जाए तथा जहां भी अतिक्रमण है, वहां विशेष अभियान चलाकर पैदल मार्गों को मुक्त कराया जाए। साथ ही नई सड़क परियोजनाओं में फुटपाथ निर्माण को अनिवार्य बनाया जाए। ज्ञापन में स्कूलों, अस्पतालों, धार्मिक स्थलों और प्रमुख बाजारों के आसपास सुरक्षित पैदल मार्ग विकसित करने पर भी जोर दिया गया। व्यापार मंडल का कहना है कि सड़क सुरक्षा केवल वाहनों तक सीमित नहीं है, बल्कि पैदल यात्रियों की सुरक्षा भी इसका महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस अवसर पर जिला महामंत्री रमेश अरोड़ा, जिला कोषाध्यक्ष कर्नल संजय मिड्ढा, मेजर एस.के. सूरी, पवन कुमार गोयल, रमेश डावर, राजीव अग्रवाल, मुरली खन्ना, अभिषेक भाटिया, संदीप सिंघल, हरीश खुंगर, भोपाल सिंह सैनी और संजीव सचदेवा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। व्यापार मंडल ने उम्मीद जताई कि प्रशासन इस जनहित के मुद्दे पर शीघ्र सकारात्मक कदम उठाएगा।