गंगोह। नगर पालिका परिषद गंगोह द्वारा रामतीर्थ कॉलोनी स्थित नवदुर्गा मंदिर जाने वाले मुख्य मार्ग के निर्माण कार्य का शुभारंभ फीता काटकर किया गया। लंबे समय से जर्जर पड़ी इस सड़क को अब इंटरलॉकिंग टाइल्स से विकसित किया जाएगा। उद्घाटन वार्ड सभासद शालू चैधरी एवं वरिष्ठ सभासद नीरज अग्रवाल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। रामतीर्थ कॉलोनी के निवासियों ने बताया कि मुख्य सड़क काफी समय से खस्ताहाल स्थिति में थी, जिससे आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। सड़क निर्माण की मांग को लेकर मोहल्लावासी लगातार नगर पालिका से गुहार लगा रहे थे। वार्ड सभासद शालू चैधरी ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका में प्रस्ताव पास कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसके बाद निर्माण कार्य को स्वीकृति मिली। उद्घाटन के तुरंत बाद ठेकेदार शाहिद मुल्तानी द्वारा सड़क निर्माण का कार्य शुरू करा दिया गया।read more:https://pahaltoday.com/mandal-president-celebrated-the-foundation-day-of-bjp/ इस अवसर पर मौजूद मोहल्लावासियों ने सभासद शालू चैधरी को बधाई देते हुए कहा कि पिछले कई वर्षों में कॉलोनी में अपेक्षित विकास कार्य नहीं हुए, लेकिन वर्तमान सभासद बनने के बाद उन्होंने क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए हैं। स्थानीय लोगों ने कहा कि नगर पालिका का यह सबसे बड़े वार्डों में से एक है, जहां चार हजार से अधिक मतदाता निवास करते हैं। ऐसे में सड़क निर्माण से बड़ी आबादी को लाभ मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी क्षेत्र में इसी तरह विकास कार्य जारी रहेंगे। ठेकेदार शाहिद मुल्तानी ने बताया कि सड़क का निर्माण उच्च गुणवत्ता वाली रंग-बिरंगी इंटरलॉकिंग टाइल्स से कराया जाएगा। सड़क को आकर्षक स्वरूप देने के साथ-साथ उसकी मजबूती का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद यह मार्ग नगर की आदर्श सड़कों में शामिल होगा। इस अवसर पर अमरीश चैधरी, अवनीश शर्मा, पत्रकार श्रवण कुमार शर्मा, प्रज्ञेश शर्मा, अलका शर्मा, महेंद्र सैनी, अरविंद कुमार, बंटी पटवा, अमरदीप लाड़ी सहित बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी मौजूद रहे। सभी ने सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर खुशी व्यक्त करते हुए नगर पालिका एवं जनप्रतिनिधियों का आभार जताया।