बिरनो टोल प्लाजा पर चला सघन वाहन चेकिंग अभियान, 5.20 लाख का जुर्माना वसूला

Share

गाजीपुर। प्रदेश में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष सड़क सुरक्षा अभियान के तहत शनिवार की शाम जनपद गाजीपुर में व्यापक वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। बिरनो टोल प्लाजा पर यातायात पुलिस और बिरनो थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने घंटों तक सघन जांच अभियान चलाकर नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस टीम ने विशेष रूप से प्रेसर हॉर्न, ओवरस्पीडिंग, बिना दस्तावेज वाहन संचालन, सीट बेल्ट और हेलमेट के उल्लंघन समेत अन्य गंभीर यातायात नियमों की जांच की। अभियान में कुल 5 लाख 20 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया, जबकि करीब 200 वाहनों का चालान किया गया। यातायात नियमों का लगातार उल्लंघन करने वाले 10 वाहनों को सीज भी किया गया। वहीं शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी पुलिस ने सख्त रुख अपनाया। अभियान के दौरान 9 वाहन चालकों को नशे की हालत में वाहन चलाते पाए जाने पर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाना न केवल चालक बल्कि अन्य राहगीरों की जान के लिए भी बड़ा खतरा बनता है। अपर पुलिस अधीक्षक नगर डॉ. राकेश कुमार मिश्रा ने मौके पर मौजूद पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे। उन्होंने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन करें, तेज रफ्तार से बचें तथा शराब पीकर वाहन न चलाएं। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।  अभियान के दौरान क्षेत्राधिकारी यातायात अशेषनाथ सिंह, यातायात निरीक्षक बालेंद्र कुमार तथा बिरनो थानाध्यक्ष शैलेंद्र प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।read more:https://pahaltoday.com/a-young-man-climbed-a-130-foot-high-mobile-tower-over-a-dispute-over-two-feet-of-land-and-insisted-on-calling-the-district-magistrate/टोल प्लाजा पर अचानक शुरू हुई कड़ी चेकिंग के चलते कई वाहन चालकों में अफरा-तफरी का माहौल भी देखने को मिला। कई चालक रास्ता बदलते नजर आए, जबकि कुछ वाहन चालक जांच से बचने के लिए इधर-उधर भागते दिखाई दिए। हालांकि पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर सभी संदिग्ध वाहनों की जांच की और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई सुनिश्चित की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सड़क सुरक्षा को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ नियमों का सख्ती से पालन कराना भी जरूरी है। इसी क्रम में आने वाले दिनों में जिले के विभिन्न प्रमुख मार्गों और चौराहों पर भी विशेष चेकिंग अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *